उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे नेताओं का दल बदलना जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव कुसुम शर्मा सैकड़ों महिलाओं के साथ कांग्रेस में शामिल हो गईं।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं के सामने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस में विपक्षी दलों से महिलाओं का आना इसलिए भी तेज हो गया है क्यों कि प्रियंका गांधी ने आगामी विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया है।
कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद महिला नेत्री कुसुम शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश की राजनीति में पहली बार ईमानदारी से सशक्त कदम उठाने वाली विश्वनीय नेता के रूप में प्रस्तुत हुई है।
श्रीमती शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वाभिमान को लेकर उनके द्वारा ली गई प्रतिज्ञाओं से मैं बहुत ही प्रभावित हूं। निश्चित तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में प्रदेश की आधी आबादी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
इस अवसर पर चर्चित बिरहा गायक कन्हैया लाल यादव जी ने ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं, लाख बिछे हो राह में रोड़े, मैं आगे बढ़ सकती हूं’ की प्रस्तुति ने सदस्यता कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया

























