भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए एक नई छात्रवृत्ति योजना शुरू करने जा रही है। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना’ का शुभारंभ किया जाएगा। योजना के तहत राज्य के 102 मेधावी विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया जाएगा।
भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने इसकी जानकारी मीडिया से साझा की है। बताया कि योजना का संचालन संस्कृति विभाग के अंतर्गत आने वाले श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के माध्यम से किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें आगे की शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत 51 विद्यार्थियों का चयन उच्च शिक्षा विभाग और 51 विद्यार्थियों का चयन स्कूल शिक्षा विभाग से किया जाएगा। सभी चयनित विद्यार्थियों को ₹1-1 लाख की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
श्रीराम तिवारी के अनुसार, योजना की औपचारिक शुरुआत गुरु पूर्णिमा के दिन होगी, जबकि छात्रवृत्ति की राशि और सम्मान मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों प्रदान किए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि यह पहल प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप पहचान दिलाने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी। योजना के माध्यम से मेधावी छात्रों को आर्थिक सहयोग मिलने के साथ उन्हें समाज के सामने सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी।