Home Congress सागर जहरीली शराबकांड पर उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, बोले- ‘जिम्मेदार...

सागर जहरीली शराबकांड पर उमंग सिंघार का सरकार पर हमला, बोले- ‘जिम्मेदार कौन, नेटवर्क किसके संरक्षण में?’

भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। इस मामले को लेकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सागर में हुई मौतों के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है और जहरीली शराब की सप्लाई का नेटवर्क किसके संरक्षण में चल रहा था।

सिंघार ने दावा किया कि जहरीली शराब मध्यप्रदेश के बाहर से नहीं, बल्कि प्रदेश के अंदर से ही सागर पहुंची थी। उन्होंने यूपी से शराब आने की बात को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि शराब धार से सागर तक पहुंची थी।

आबकारी विभाग और सागर एसपी पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने शराबकांड में अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सागर एसपी अनुराग सुजानिया को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। सिंघार का दावा है कि जिन-जिन स्थानों पर एसपी अनुराग सुजानिया की पोस्टिंग रही, वहां जहरीली शराब से जुड़े मामले सामने आए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जिला संगठन ने पहले ही जहरीली शराब को लेकर शिकायत की थी, लेकिन शिकायत के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। सिंघार ने सवाल किया कि आखिर मिथेनॉल डिस्टलरी तक कैसे पहुंचा और शराब में इसकी मिलावट कैसे हुई?

‘सागर गोल्ड को कुछ घंटों में क्लीन चिट कैसे?’

उमंग सिंघार ने रॉयल ब्रांड और सागर गोल्ड शराब को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौतों के बाद कुछ ही घंटों में सागर गोल्ड को क्लीन चिट दे दी गई। सिंघार ने कहा कि पहले शराब पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी हुआ और बाद में उसे वापस ले लिया गया। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को सवालों के घेरे में बताया।

प्रह्लाद पटेल और उमा भारती पर भी साधा निशाना

सिंघार ने सागर शराबकांड को लेकर वीएचपी और आरएसएस के नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने प्रह्लाद पटेल और उमा भारती का नाम लेते हुए कहा कि सागर में बड़ी संख्या में लोधी समाज के लोगों की मौत हुई है, लेकिन उनकी ओर से इस मामले में आवाज क्यों नहीं उठाई गई।

25 लाख रुपये मुआवजे की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मृतकों के परिवारों को दिया जा रहा चार लाख रुपये का मुआवजा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

हिंदू-मुस्लिम राजनीति का भी लगाया आरोप

उमंग सिंघार ने सरकार पर हिंदू-मुस्लिम राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार मुसलमानों का डर दिखाकर हिंदुओं का वोट हासिल करना चाहती है। सिंघार ने इंदौर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मुरैना और अब सागर की घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश में हिंदुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए।

 

NO COMMENTS