ओरछा। मध्यप्रदेश के ओरछा में बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक रविवार को शुरू हुई। श्रीराम राजा सरकार की पावन नगरी में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल समेत पार्टी के कई बड़े नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और राष्ट्रीय प्रकोष्ठ संयोजक विष्णुदत्त शर्मा भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के उद्घाटन सत्र की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। पहले दिन संगठन को मजबूत करने, विकसित मध्यप्रदेश के रोडमैप और बुंदेलखंड के विकास समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
विकसित मध्यप्रदेश के विजन पर फोकस
बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने प्रेसवार्ता कर पहले दिन हुई चर्चाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश लगातार विकास और विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी।
बैठक स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें विकसित मध्यप्रदेश के विजन को प्रमुखता से दिखाया गया है। साथ ही ओरछा लोक का मॉडल भी तैयार किया गया है, जो बैठक में आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यकर्ताओं ने सुनी ‘मन की बात’
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी एक साथ सुना। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन और सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत के पुनरुत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों और देश के विकास की दिशा पर चर्चा की। इसके साथ ही बैठक में राजनीतिक प्रस्तावों पर भी मंथन किया गया।
बुंदेलखंड के विकास पर बीजेपी का विशेष फोकस
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुंदेलखंड के विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बीजेपी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए बड़ा कदम बताया। प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड को नई दिशा और नई ताकत मिलेगी।
बीजेपी ने बैठक में केन-बेतवा परियोजना को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की भी निंदा की। पार्टी का कहना है कि परियोजना के पूरा होने से बुंदेलखंड के विकास को बड़ा फायदा मिलेगा और क्षेत्र की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी।
सेवा संकल्प के तहत सामाजिक कार्यों पर भी जोर
बीजेपी का बुंदेलखंड को लेकर फोकस केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं है। बैठक में सेवा संकल्प के तहत क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक गतिविधियां और जनसेवा से जुड़े कार्य करने पर भी चर्चा हुई। संगठन के स्तर पर इन गतिविधियों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार किया गया।
दूसरे दिन भी जारी रहेगा मंथन
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो दिन तक चलेगी। पहले दिन संगठन, विकसित मध्यप्रदेश के विजन और बुंदेलखंड के विकास जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। बैठक के कई सत्र अभी जारी हैं। दूसरे दिन संगठन को और मजबूत करने के साथ प्रदेश के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।