कांग्रेस की महिला इकाई अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित समारोह में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा को हिंदू विरोधी करार देते हुए कहा कि ये लोग झूठे हिंदू हैं।
राहुल ने कहा कि ये सिर्फ हिंदू धर्म का इस्तेमाल करते हैं। नोटबंदी और जीएसटी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग लक्ष्मी और दुर्गा की शक्ति पर आक्रमण करते हैं। ये हिंदू हैं ही नहीं।
महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस गांधी जी की विचारधारा को मानती है, जबकि भाजपा और आरएसएस की गोडसे और सावरकर की विचारधारा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पूरे देश में डर फैलाया है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता होने के नाते मैैं बाकी विचारधाराओं के साथ समझौता कर सकता हूं, लेकिन आरएसएस-भाजपा की विचारधारा से कभी समझौता नहीं कर सकता। इनकी विचारधारा और हमारी विचारधारा अलग अलग हैं। हमें इनके खिलाफ प्रेम से लडऩा है। नफरत के जरिये हम नहीं लड़ सकते।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर पिछले 100-200 साल में किसी एक व्यक्ति ने हिंदू धर्म को सबसे अच्छे तरीके से समझा और अपने व्यवहार में लाया, तो वह महात्मा गांधी हैं। इसे हम भी मानते हैं और आरएससस एवं भाजपा के लोग भी। महात्मा गांधी ने अहिंसा को सबसे अच्छे तरीके से जिया। हिंदू धर्म की बुनियाद अहिंसा है। इसके बावजूद आरएसएस की विचारधारा द्वारा महात्मा गांधी को गोली क्यों मारी गई? इस बारे में आपको सोचना होगा।
दुर्गा और लक्ष्मी को लेकर उनके हाल के एक बयान की हो रही आलोचना पर अपनी स्थिति साफ करते हुए राहुल ने कहा कि लक्ष्मी का मतलब लक्ष्य से है। लक्ष्य कोई भी हो, जो शक्ति उसे पूरा करती है, उसे ही लक्ष्मी कहते हैं और जो शक्ति रक्षा करती है, उसे दुर्गा कहते हैं। महिला दुर्गा का रूप मानी जाती है, लेकिन ये लोग महिलाओं को दबा कर रखते हैं। नोटबंदी और जीएसटी के जरिए मोदी सरकार ने लोगों के लक्ष्य पूरा करने वाली शक्ति लक्ष्मी और महिलाओं को दबा कर रक्षा करने वाली शक्ति दुर्गा पर आक्रमण किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार की प्राथमिकता में दस-पंद्रह लोग हैं, जिनके पास लक्ष्मी और दुर्गा की शक्ति है। ये सभी मोदी जी के मित्र हैं, जिनका हर काम हो रहा है।
इसके पहले राहुल गांधी ने महिला कांग्रेस के नए प्रतीक चिह्न (लोगो) और झंडे का अनावरण किया। नए प्रतीक चिह्न को लेकर महिला कांग्रेस ने कहा कि यह मूल रूप से कांग्रेस पार्टी के हाथ के चिह्न को सम्मिलित कर महिलाओं की पार्टी और देश में भागीदारी बढ़ाने का संदेश देता है।






















