कृषि कानून के खिलाफ किसानो के चल रहे आंदोलन के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि वह मुख्यमंत्री बनते ही प्रदेश में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कर देंगे।
साथ ही हुड्डा ने कहा कांग्रेस सरकार के आते ही किसान विरोधी तीनों कृषि कानूनों को निरस्त कर देंगे। हुड्डा बसताड़ा टोल पर किसानों के बीच पहुंचे और उनका हौसला बढ़ाया। धरना स्थल पर कहा कि आज वह किसान का बेटा होने के नाते यहां आए हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कैमला में किसान पंचायत कर टकराव को न्यौता दिया है। सी.एम. ने किसानों को भड़काने का काम किया है।
हुड्डा ने कहा भाजपा किसानों के साथ आम लोगों का भरोसा खो चुकी है इसलिए इन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
इस दौरान पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने शुरू से ही किसानों का समर्थन किया है। पहले दिन से ही किसानों का साथ पूर्व सी.एम. हुड्डा ने दिया है। आज वह व्यक्तिगत रूप से यहां पहुंचे हैं। इस दौरान हुड्डा ने 51 हजार रुपए लंगर सेवा के लिए दिए। कुलदीप शर्मा ने 11 हजार, कैप्टन अजय यादव ने 21 हजार की राशि दी।