देश भर में किसान आंदोलन और कृषि बिल के विरोध के बीच आज उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कांग्रेस महासचिव औक उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कृषि बिल का विरोध करते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला।
इस दौरान प्रियंका ने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस नए कृषि कानूनों को रद्द कर देगी।
प्रियंका ने चिलकाना में आयोजित किसान महापंचायत को सम्बोधित किया। महापंचायत में शामिल होने से पहले प्रियंका गांधी सहारनपुर जिले की सिद्धपीठ मां शाकुम्भरी देवी के दर्शन कीं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अमेरिका, चीन, पाकिस्तान गए, लेकिन जिस शहर में रहते हैं उसके बॉर्डर पर नहीं पहुंच पाए. अपने संबोधन में प्रियंका ने कहा कि ये आपकी जमीन का आंदोलन है, आप पीछे मत हटिए. हम खड़े हैं, जब तक ये बिल वापस नहीं होते तब तक डटे रहिए. जब कांग्रेस की सरकार आएगी ये सभी बिल वापस होंगे और आपको समर्थन मूल्य का पूरा दाम मिलेगा. हम आपको धर्म और जाति के नाम पर तोड़ेंगे नहीं, आपका बंटवारा नहीं करेगें, हम आपको जोड़ेंगे.
प्रियंका ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संसद में किसानों का अपमान किया, उनको आंदोलनजीवी भी कहा. इसका क्या मतलब है? किसान आंदोलन कर रहे हैं अपने देश की मिट्टी के लिए, अपने बेटे के लिए जो सीमा पर खड़ा है. उसको देशद्रोही कहने वाला, उसका मजाक उड़ाने वाला, उसको आतंकवादी कहने वाला देश भक्त कभी नहीं हो सकता.
मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि 16000 करोड़ के 2 हवाई जहाज ले लिए और 20000 करोड़ संसद के सुंदरीकरण में खर्च कर दिया लेकिन किसानों का बकाया 15000 करोड़ आज तक नहीं दिया. जाग जाइए, जिनसे आप उम्मीद रख रहे हैं ये आपके लिए कुछ नहीं करेगें. ये बड़े-बड़े वादे करते है, लेकिन उनके शब्द खोखले हैं.
प्रियंका ने कहा कि 56 इंच के सीने में छोटा सा दिल है, लेकिन वो उद्योगपतियों के लिए धड़कता है. इस कानून के जरिेए सरकार किसानों को मारना चाहती है. किसान अपने हक की लड़ाई लड़ रहा है.
कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर ने बताया कि प्रियंका गांधी जौलीग्रांट हवाई अड्डे से सड़क मार्ग द्वारा सुन्दरपुर बिहारीगढ़ से जसमोर होते हुए सबसे पहले मां शाकुम्भरी देवी के दर्शन की और वहां से मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित खानकाह रहीमी मदरसा के पूर्व मुतवल्ली स्वर्गीय अब्दूल कय्यूम के परिजनो से मुलाकात की।
उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रियंका गांधी चिलकाना स्थित जे जे इण्टर कालेज में आयोजित किसानों की महापंचायत को संबोधित की। अख्तर ने बताया कि महापंचायत के बाद प्रियंका गांधी सहारनपुर के बेहट रोड जाकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत काजी रशीद मसूद के परिजनो से मिलकर शोक सवेंदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव मसूद के परिजनों से मिलने के बाद शारदानगर स्थित शहीद निशांत शर्मा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की।