लखीमपुर खीरी में हुए हिंसा के बाद किसानों के परिजनों से मिलने जा रही कांग्रेस की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी को जब हिरासत में लिया गया तो उन्होंने सीतापुर गेस्ट हाउस के कमरे में झाड़ू लगाया। जिसका वीडियो का सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एक इंटरव्यू में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रियंका गांधी को जनता ने इसी लायक बना दिया है जिस पर प्रियंका गांधी ने आक्रमक रूप से पलटवार करते हुए इस बयान को न सिर्फ देश भर की महिलाओं के अपमान से जोड़ा बल्कि लखनऊ के अचानक इंदिरा नगर की दलित बस्ती लवकुश नगर स्थित वाल्मीकि आश्रम में झाड़ू लगायी और वहां लोगों के जाकर उनसे मुलाकात भी की।
बस्ती पहुंची प्रियंका ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वो ये संदेश देने आयी हैं कि जो योगी जी की तरह मानसिकता रखता है, जो कहता है सफाई करने के लायक कोई इंसान हो, उनको समझना चाहिए कि सफाई का काम करोड़ों सफाई कर्मचारी करते हैं. करोड़ों महिलाएं रोज घर पर झाड़ू लगाती हैं. करोड़ों दलित भाई बहन ये काम करते हैं. वो सब स्वाभिमान से ये काम करते हैं. इस काम में स्वाभिमान है.
प्रियंका ने कहा, इस तरह की बातें करना बिल्कुल गलत है, इस देश मे नहीं चलेगा. जो जातिवाद, जो इस तरह की मानसिकता रखता है वो ये बात समझ ले. उन्होंने कहा ये अपमान मेरा नहीं कर रहे हैं. मैं यूपी की जनता के लिए झाड़ू लगाउंगी, पोछा लगाऊंगी, सब कुछ करूंगी. मुझे इसमें स्वाभिमान है कि मैं जनता के न्याय की लड़ाई लड़ रही हूं और जितनी भी मेरी बहन यहां हैं जो ये काम करती हैं इनका भी स्वाभिमान है.
पूरे मामले के बाद प्रियंका के त्वरित जबाबी कारवाई को लेकर जहां प्रियंका की तारीफ हो रही है तो वहीं योगी आदित्यनाथ को लोग अपनी मानसिकता बदलने के लिए कह रहे हैं।






















