5 राज्यों के चुनाव के ऐलान के बाद जहां सभी नजरें चुनावी राज्यो में टिकी है तो वहीं दूसरी तरफ बिहार में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। पूर्वी चंपारण जिले के नरकटियागंज सीट से पार्टी की विधायक रश्मि वर्मा ने इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया है।
भाजपा विधायक रश्मी वर्मा ने अपने इस्तीफे का कारण नहीं बताया है, लेकिन इसके भी सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। रश्मि वर्मा ने अपने इस्तीफे में ये लिखा है कि वो अपनी निजी कारणों से इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने इस्तीफे के लेटर के साथ अपना फोटो जारी किया है। उन्होंने कहा है कि वो जल्द ही इसे विधानसभा अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को सौंप देंगी।
सूत्रों की माने तो वो कल ही अपना इस्तीफा सौंपेंगी। इसके पहले वो मीडियो के सामने आईं और इसका ऐलान किया।
रश्मि वर्मा का लम्बा राजनीतिक करियर रहा है। रश्मि वर्मा 2014 में रातों रात जदयू से भाजपा में गईं और बीजेपी के टिकट पर उपचुनाव में नौ माह के लिए विधायक बनीं थीं। 2015 के चुनाव में बीजेपी ने टिकट नहीं दिया तो निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर गईं। रश्मि वर्मा के कारण ही नरकटियागंज विधानसभा का चुनाव त्रिकोणात्मक हो गया था। तब रश्मि वर्मा के जेठ विनय वर्मा कांग्रेस के टिकट पर यहां से चुनाव जीतें। उन्हें 57 हजार 212 वोट मिले। निर्दलीय लड़ रहीं रश्मि वर्मा को 39 हजार 200 वोट मिले और भाजपा की प्रत्याशी रेणु देवी को 41151 वोट मिले। बाद में फिर से 2020 के विधानसभा चुनाव में रश्मि वर्मा को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया और वह विजयी रही। अब एक बार फिर से इस्तीफा देकर रश्मि वर्मा ने सबको चौंका दिया।
राज्य में भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जदयू के साथ मिलकर सत्ता में है। 243 विधानसभा वाली सदन में गठबंधन को 125 सीट हैं। लेकिन VIP के विधायक के मौत और अब रश्मि वर्मा के इस्तीफा से ये संख्या घटकर 123 हो जाएगा जबकि मांझी के HAM और VIP से लगातार गठबंधन के सहयोगी बीजेपी के रिश्ते तनाव में हैं जिस कारण से अब बिहार में सरकार फिर एक बार खतरे में आ गई है।

























