सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी आजकल विवादों का हिस्सा बन रहा है ऐसे में एक लाइव वीडियो के दौरान अपने साथी खिलाड़ी पर एक टिप्पणी कर भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर खिलाड़ी युवराज सिंह भी विवाद में फंस गए हैं।
पिछले कुछ समय से किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बने रहने वाले युवराज सिंह अपने एक टिप्पणी को लेकर इस बार वह विवादों में घिर गए हैं।
युवराज सिंह के खिलाफ हरियाणा के हिसार के हांसी के पुलिस अधीक्षक को दलित समाज के विरुद्ध कथित टिप्पणी करने को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। दलित अधिकार कार्यकर्ता और वकील रजत कल्सन ने बताया कि उन्होंने लिखित शिकायत दी है. उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर सोमवार से वायरल हो रहे एक वीडियो में युवराज क्रिकेटर रोहित शर्मा से बातचीत में यह टिप्पणी करते हुए दिखते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रोहित शर्मा और युवराज सिंह ने इंस्टाग्राम पर लाइव चैट की थी.
इस दौरान दोनों क्रिकेटरों के बीच क्रिकेट, कोरोना वायरस, निजी जिंदगी और अन्य भारतीय क्रिकेटरों को लेकर बातचीत हुई थी. इसी दौरान कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल कमेंट कर रहे थे.
इन कमेंट को देखकर युवराज ने रोहित के साथ हंसी मजाक करते हुए एक जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल किया. उन्होंने चहल का मजाक उड़ाते हुए एक जातिसूचक शब्द कहा. लेकिन इस वजह से काफी हंगामा मच गया. सोशल मीडिया पर “युवराज सिंह माफी मांगो” की मांग उठने लगी।
जबकि कुछ लोग युवराज सिंह के इस टिप्पणी को दोस्ती में किया हुआ हंसी मजाक बताकर बड़ा मुद्दा ना बनाने की बात कर उनके समर्थन में भी नजर आए।
मगर इन सबके बीच युवराज सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।




















