भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार अमल महाडिक के नामांकन पत्र वापस लेने के बाद कोल्हापुर स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री (शहरी)और कांग्रेस नेता सतेज पाटिल को राज्य विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित किया गया है।
दरसल कोल्हापुर विधान परिषद चुनाव की रंगत बढ़ रही थी कि अचानक शुक्रवार को भाजपा के उम्मीदवार अमल महाडिक ने दिल्ली हाई कमांड के आदेश पर जिलाधिकारी कार्यालय में जाकर अपने चुनाव पर्चे को वापिस लिया जिसके बाद महा आघाडी के उम्मीदवार , सतेज पाटिल का निर्विरोध चयन हो गया।
जिला चुनाव अधिकारी राहुल रेखावर ने शुक्रवार को श्री महाडिक के नामांकन पत्र वापस लेने के बाद श्री पाटिल को निर्वाचित प्रमाण पत्र सौंपा। इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री हसन मुश्रीफ, सांसद संजय मांडलिक और महा विकास अघाड़ी जिले के अन्य नेता मौजूद थे।
कोल्हापुर विधान परिषद के भाजपा प्रत्याशी अमल महाडिक और डमी उम्मीदवार उनकी पत्नी शौमिका महाडिक को पर्चे वापस लेने की सूचनाएं भाजपा हाई कमांड की ओर से की गई।
अमल महाडिक और सतेज पाटिल के आमने सामने आने से विधान परिषद चुनाव की रंगत बढ़ गई थी, आरोप प्रत्यारोप होने लगे थे। ऐसे में नगरपालिका, नगर निगम, जिलापरिषद सदस्यों के वोटों के दाम भी बढ़ गए थे, कई सदस्यों को लंबी यात्रा पर भेजने की तैयारियां हो चुकी थी। अचानक हुई राजनैतिक गतिविधियों ने पूरा माहौल बदल डाला और कांग्रेस के उम्मीदवार सतेज पाटिल के विजयी होने पर कार्यकर्ताओं समेत कोल्हापुर में कांग्रेस और महाअघाड़ी कार्यकर्ताओं में हर्षोल्लास का वातावरण दिखाई दे रहा है।
































































