
लोकसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस समीक्षा और मंथन में लगी हुई है। इसी दौरान रायबरेली में कांग्रेस महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश में कांग्रेस के अत्यंत निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर कहा कि कार्यकर्ताओं ने पूरे दिल से चुनाव नहीं लडा है।
प्रियंका मां सोनिया गांधी के साथ रायबरेली की जनता का आभार व्यक्त करने पहुंची थी। रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र से सोनिया गांधी 5वीं बार चुनाव जीती हैं।
इस अवसर पर प्रियंका ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ”मैंने हमेशा कहा है कि चुनाव संगठन लड़ाता है लेकिन मैं आज आपके सामने खड़े होकर कह रही हूं कि आपने पूरे दिल से यह चुनाव नहीं लड़ा है।” प्रियंका ने कहा, ”आप सबमें जिसने दिल से काम किया है, उसकी जानकारी आपको है। जिसने नहीं किया है, उसकी जानकारी मैं करुंगी।”
प्रियंका ने कहा, ”यह संघर्ष का समय है। जो घबरा रहा है, जो समझौता करना चाहता है, जिसका दिल इस संघर्ष में नहीं है, उसके लिए रायबरेली की कांग्रेस और यूपी की कांग्रेस में कोई जगह नहीं छोडूंगी।”
प्रियंका ने कार्यकर्ताओं से कहा, ”अपना मन बना लीजिए। काम करना है, दिल से करना है तो संघर्ष करना पड़ेगा… यही बातें मुझे कहनी हैं।” उन्होंने कहा, ” मैं दिल से अपना आभार व्यक्त करना चाहती हूं। इस चुनाव में रायबरेली की जनता ने सोनिया गांधी को जिताया है।”