चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के नतीजे आ गए हैं। नतीजों के मुताबिक बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। चुनाव में आम आदमी पार्टी सीट के हिसाब सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आम आदमी पार्टी ने 14 सीट पर जीत दर्ज किया है। वहीं 12 सीट जीतकर बीजेपी दूसरे नंबर पर रही। जबकि 8 सीट पर जीत दर्ज कर कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। वहीं अकाली दल को सिर्फ 1 सीट मिला।
इस चुनाव को अगर वोट प्रतिशत के आधार पर देखें तो कांग्रेस ने सर्वाधिक 29.79% प्राप्त किया तो वहीं बीजेपी को 29.30% जबकि आप को 27.08% वोट मिले लेकिन हर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के कारण आप को फायदा मिला।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हुए चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 60 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। वार्डों की संख्या 2016 में 26 से बढ़कर अब 35 हो गई है। परंपरागत रूप से हर पांच साल में होने वाले नगर निगम के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने एंट्री लेकर इस चुनाव को और रोचक बना दिया।
भाजपा ने पिछले पांच वर्षों की अपनी “उपलब्धियों” के सहारे चुनाव लड़ा है जबकि, कांग्रेस और आप ने विकास कार्य करने में कथित तौर पर विफल रहने के लिए भाजपा पर निशाना साधा और “स्वच्छ सर्वेक्षण” (स्वच्छता के लिए एक रैंकिंग) रैंकिंग में शहर के नीचे जाने पर उसकी आलोचना की।

























