
प्रियंका गांधी पर रोज-रोज हो रहे राजनीतिक हमले अब व्यक्तिगत होने लगे हैं, जिसके खिलाफ अब राष्ट्रीय महिला कांग्रेस ने बड़ी मुहिम चलाने का फैसला लिया है. राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा है कि देश की राजनीति में महिलाओं की संख्या कम है. साथ ही जो महिलाएं राजनीति में आई भी हैं, उनके खिलाफ दूसरी राजनीतिक पार्टियां आए दिन विवादित बयान देती हैं. सुष्मिता की माने तो राजनीतिक पार्टियों को लगता है कि व्यक्तिगत हमला करने से महिलाओं का राजनीति में आना कम हो जाएगा।
महिलाओं पर राजनीतिक ही नहीं बेहद व्यक्तिगत टिप्पणियां भी की जा रही हैं. जिसका शिकार खुद प्रियंका गांधी भी हो गई हैं. उन्होंने बताया कि प्रियंका के खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रहे डर्टी कैम्पेन को महिला कांग्रेस बहुत ही गंभीरता से ले रही है. ऐसे में महिला कांग्रेस सोमवार को दिल्ली के उन तमाम नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज कराएगी, जिन्होंने प्रियंका के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी की है.
वह खुद दिल्ली में FIR दर्ज कराएगी और अन्य राज्यों की महिला कांग्रेस अध्यक्ष अपने-अपने प्रदेश में FIR दर्ज कराएंगी. सुष्मिता देव ने ये भी कहा कि ये लड़ाई सिर्फ प्रियंका गांधी के लिए नहीं बल्कि सभी महिलाओं के लिए है, जो राजनीति में अपना भविष्य देखती है. बता दें कि इस कैम्पेन की जानकारी सुष्मिता देव ने ट्वीट के ज़रिए भी दी है.
प्रियंका के खिलाफ किन-किन नेताओ ने दिया आपत्तिजनक बयान
उत्तर प्रदेश के बीजेपी विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह ने कहा था कि जिस तरह रावण ने अपनी बहन सूर्पनखा को आगे किया था उसी तरह राहुल गांधी भी प्रियंका गांधी को लेकर आए हैं. उनकी माने तो राहुल रावण हैं तो प्रियंका सूर्पनखा की भूमिका में हैं.
जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने प्रियंका गांधी को एक बीमारी बताया था,जिसमें वो काफी हिंसक हो जाती हैं. वहीं, लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा था कि राहुल मान गए हैं कि, वो अकेले कुछ नहीं कर सकते इसलिए अपनी बहन को मैदान में उतारा है.