स्थापना पर सोनिया गांधी का संदेश देश के लिए लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बीजेपी व केंद्र सरकार पर जमकर हमले किए हैं। सोनिया ने कहा कि आज लोकतंत्र व संविधान को दरकिनार किया जा रहा है और ऐसे वक्त में कांग्रेस चुप नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि हमारी गंगा-जमुनी संस्कृति को मिटाने की कोशिश हो रही है और देश का आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है। सोनिया ने ये बातें वीडियो संदेश जारी कर कहीं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस किसी को भी देश की विरासत को नष्ट करने की इजाजत नहीं देगी। सोनिया ने कहा कि कांग्रेस देश विरोधी ताकतों के खिलाफ संघर्ष करेगी और हर कुर्बानी देगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से अपील की कि वे कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगे आएं।

कांग्रेस के सामने राजनीतिक लिहाज से बहुत चुनौतियां हैं। पार्टी दो बार लगातार लोकसभा का चुनाव हार चुकी है और कई राज्यों में अपनी सरकार खो चुकी है।

कांग्रेस को बीजेपी के अलावा टीएमसी, आम आदमी पार्टी समेत तमाम विपक्षी दलों से भी चुनौती मिल रही है। कांग्रेस ने देश में लंबे वक्त तक एकछत्र शासन किया है लेकिन ताजा हालात में वह बेहद कमजोर दिखाई देती है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रूप में कांग्रेस के सामने एक बड़ी चुनौती है। उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी पूरा जोर लगा रही हैं और देखना होगा कि पार्टी का प्रदर्शन उत्तर प्रदेश सहित तमाम चुनावी राज्यों में कैसा रहता है।

2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी कांग्रेस को अगर विपक्षी दलों के फ्रंट की अगुवाई करनी है तो खुद को मजबूत करना ही होगा। हालांकि पार्टी ने बीते कुछ महीनों में कृषि कानून, पेगासस जासूसी मामला, महंगाई बेरोजगारी जैसे तमाम बड़े मुद्दों पर मोदी सरकार को जबरदस्त ढंग से घेरा है लेकिन बावजूद इसके अगर कांग्रेस को बीजेपी को शिकस्त देनी है तो उसे चुनावी राजनीति में फतेह हासिल करनी ही होगी।

इसके अलावा पार्टी की तमाम राज्य इकाइयों में चल रहे झगड़े, पार्टी के अंदर वरिष्ठ नेताओं के G-23 गुट के असंतोष को भी पार्टी को खत्म करना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here