बापू को गाली देने वाला कालीचरण MP के खुजराहो से हुआ गिरफ्तार, CM बघेल ने कहा था “पाखंडी नही बख्शा जाएगा”

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महात्मा गांधी को अपशब्द कहने के मामले में पुलिस ने कालीचरण महाराज को मध्यप्रदेश के छतरपुर में स्थित खुजराहो के एक होटल से तड़के सुबह 4:30 बजे गिरफ्तार कर लिया है।

कालीचरण को रायपुर की ही पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के बारे में रायपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस को कोई सूचना दिए बगैर ही गिरफ्तारी की है। पुलिस कालीचरण को सड़क मार्ग से करीब शाम पांच बजे तक रायपुर लेकर पहुचेंगी।

कालीचरण महाराज को गिरफ्तार करने के लिए रायपुर पुलिस ने करीब दर्जन टीमें बनाई थी। इन टीमों ने कालीचरण की तलाश के लिए मध्यप्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में छापेमारी की थी। इसी बीच पुलिस को अपने खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि, कालीचरण महाराज मध्यप्रदेश के खुजराहो के एक होटल में छिपे हैं और अपने मोबाइल को भी बंद किया हुआ है ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सकें। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने होटल में दबिश दी और कालीचरण महाराज को गिरफ्तार कर लिया।

रायपुर में महात्मा गांधी को अपशब्द कहने और गोडसे की तारीफ करने के बाद कालीचरण ने एक वीडियो जारी किया था और उसमें कहा था कि, मुझे अपने बयान पर कोई पश्चाताप नहीं है। मैं गांधी को राष्ट्रपिता नहीं मानता हूं। यदि सच बोलने की सजा मृत्युदंड है तो मुझे यह स्वीकार है। पुलिस ने कालीचरण के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (2) (विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान) तथा 294 (अश्लील कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने भूपेश बघेल ने कहा था किसी को भी नही बख्शा जाएगा। बघेल ने ट्वीट कर लिखा था “बापू को गाली देकर, समाज मे विष वमन करके अगर किसी पाखंडी को लगता है कि वो अपने मंसूबों में कामयाब हो जाएंगे, तो उनका भ्रम है। उनके आका भी दोनों सुन लें….भारत और सनातन संस्कृति दोनों की आत्मा पर चोट करने की जो भी कोशिश करेगा… न संविधान उसे बख्शेगा, न जनता उन्हें स्वीकार करेगी।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here