राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली में बहुत बड़ी भीड़ उमड़ी । स्थानीय रिपोर्टों पर भरोसा किया जाए तो इस रैली में लाख की संख्या से ऊपर लोग एकत्रित हुए हैं। इस आधार पर इसे कामयाब रैली कहा जा सकता है। इस रैली में कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
इस रैली को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि बीजेपी चुनाव आते ही चीन की बात करेगी, किसी और देश की बात करेगी, लेकिन रोजगार की बात नहीं करेगी, महंगाई की बात नहीं करेगी।
उन्होंने कहा, आखिर देश में इतनी महंगाई क्यों है आपको यह सवाल केंद्र सरकार से पूछना चाहिए, क्योंकि यह आपकी जिम्मेदारी है। आप सरकार से एक मजबूत भविष्य मांगिए।
रैली में प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार और भाजपा की रीति-नीति पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता के लिए काम नहीं कर रही है। यह सिर्फ गिने-चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। केंद्र की सरकार झूठ, लालच और लूट वाली सरकार है। गोवा में एक उद्योगपति के कोयले को इधर से उधर ले जाने के लिए लोगों की मर्जी के खिलाफ सड़क बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी पर्यटन में व्यस्त हैं। उन्होंने दुनिया घूम ली, लेकिन दिल्ली में किसानों से बातचीत करने नहीं जा पाए। भाजपा कहती है कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ। मैं चुनौती देती हूं कि एक कोई संस्थान ऐसा बता दें, जो शिक्षा के लिए भाजपा ने इन सात सालों में बनाया है।
प्रियंका ने कहा उनसे पूछें कि आपने लोगों के लिए क्या किया है? किसान को देने के लिए पैसा नहीं है तो हजारों करोड़ का विमान क्यों खरीदा गया? उन्होंने कहा कि यह लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वह भाजपा सरकार से जवाब मांगें।

























