
इसी साल होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारी जोर शोर से चल रही है कांग्रेस , बीजेपी शिवसेना और एनसीपी सहित अन्य क्षेत्रीय दल भी इसको लेकर अपनी तैयारी को आगे बढ़ा रहे हैं और अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए रणनीति बना रहे हैं।
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपने संगठन में फेरबदल किया था और अब कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के पहली सूची जल्द ही जारी कर सकती है।
आगामी इस सूची में 50 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों का नाम होगा। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहब थोराट ने बताया पहली सूची में 50 उम्मीदवारों के नाम पर सहमति बन गई है। जिसे शुक्रवार यानी 20 सितंबर को जारी किया जायेगा। सूची जारी होने के बाद कांग्रेस के उम्मीदवार राज्य में अपना चुनाव प्रचार शुरू कर देंगे।
अक्टूबर के महीने में महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने जा रहे है। महाराष्ट्र में 5 सालों से बीजेपी सत्ता में है , जो फिर एक बार सत्ता में वापसी करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है जबकि कांग्रेस-एनसीपी पुनः सत्ता में वापसी के लिए बेताब है।
यह चुनाव कांग्रेस और एनसीपी ने एक साथ लड़ने का फैसला किया है। गौरतलब है कि 2014 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग अलग चुनाव लड़े थे। जिसके कारण उन्हें राज्य में काफी नुकसान उठाना पड़ा था। 2019 के विधानसभा चुनावों में दोनों पार्टियों ने 288 सीटों में से 125-125 सीटों पर लड़ने की सहमति जताई है। जबकि बाकी बची सीटें अन्य सहयोगियों के लिए छोड़ दी है।
महाराष्ट्र में जैसे जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं वैसे-वैसे ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू है और साथ ही नेताओ का दल बदल भी बढ़ता जा रहा है।