
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को ‘अपनाने’ को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास कोई महान नेता नहीं है, जो स्वतंत्रता सेनानी रहा हो, इसलिए वे कांग्रेस के नेता रहे सरदार पटेल को अपना बता रहे हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘सरदार पटेल कांग्रेस के एक सच्चे नेता थे, जो पार्टी की विचारधारा के लिए समर्पित थे। वह जवाहरलाल नेहरू के करीबी साथी थे और RSS के सख्त खिलाफ थे।’ सन् 1948 में तत्कालीन गृहमंत्री सरदार पटेल ने RSS पर प्रतिबंध लगाया था।
प्रियंका ने एक साथ कई ट्वीट करते हुए भारतीय भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज भाजपा द्वारा उन्हें अपनाने की कोशिशें करते हुए और उन्हें श्रद्धांजलि देते देखकर बहुत खुशी होती है।
भाजपा के इस एक्शन से दो चीजें स्पष्ट होती हैं। पहली यह कि उनका अपना कोई स्वतंत्रता सेनानी महापुरुष नहीं है। तकरीबन सभी स्वतंत्रता सेनानी कांग्रेस से जुड़े थे। दूसरी चीज कि सरदार पटेल जैसे महापुरुष को एक न एक दिन उनके शत्रुओं को भी नमन करना पड़ता है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवडिया में आयोजित एक विशेष समारोह में भी भाग लिया, जहां स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थित है।
साल 2014 के बाद से मोदी सरकार सरदार पटेल की जयंती को ‘एकता दिवस’ के रूप में मनाती आ रही है।
भारत के एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए इस वर्ष देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

























