गोवा विधानसभा चुनाव सभी पार्टी अपना वर्चस्व साबित करने के लिए एक-दूसरे को झटका दे रही है। आज फिर एक बार कांग्रेस ने बीजेपी को झटका देते हुए बीजेपी विधायक को कांग्रेस में शामिल कर लिया।
कल ही पार्टी पर सवाल उठाते हुए बीजेपी से इस्तीफा देने वाले गोवा के वास्को से दो बार के विधायक कार्लोस अल्मेडा ने आज पणजी में कांग्रेस की सदस्यता ले ली।
गोवा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी दिनेश गुंडू राव, गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर और विपक्ष के नेता दिगंबर कामत सहित अन्य नेताओ की उपस्थिति में कार्लोस ने आज कांग्रेस का दामन थामा।
इस मौके पर चोडनकर ने कहा कि अल्मेडा के आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। जीपीसीसी अध्यक्ष ने दावा किया, “गोवा के लोग कभी भी गोवा में भाजपा को सत्ता में वापस नहीं लाएंगे। भाजपा सरकार के राज में राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है।”
चोडनकर ने कहा कि बढ़ती महंगाई और विभिन्न घोटालों के लिए भाजपा सरकार की ‘गलत’ नीतियां जिम्मेदार हैं।
इस मौके पर दिनेश गुण्डुराव ने स्वागत करते हुए ट्वीट किया की बीजेपी विधायक और उनके साथ आए बीजेपी के 7 सभासद एवं 150 अन्य पदाधिकारियों का कांग्रेस में स्वागत है।
विपक्ष के नेता दिगंबर कामत ने कार्लोस का स्वागत किया।

























