5 राज्यो में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है ऐसे में सभी दल अब पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। हर दल अपने जीत के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
ऐसे में गोवा में विपक्षी पार्टी कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए इस बार पूरा जोड़ लगा रही है। इसी सिलसिले में कांग्रेस को आज बड़ी सफलता मिली है, दरसल राज्य के कैबिनेट मंत्री व विधायक माइकल लोबो ने आज अपनी पत्नी के साथ कांग्रेस की सदस्यता ले ली।
लोबो गोवा की भारतीय जनता पार्टी सरकार में मंत्री थे। आज लोबो ने अपनी पत्नी डेलिला लोबो के साथ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये। उन्होंने पणजी में कांग्रेस के तमाम नेताओ की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली।
इससे पहले लोबो ने सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी को चुनाव से पहले बड़ा झटका देते हुए राज्य के कैबिनेट मंत्री व विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने के बाद लोबो ने आरोप लगाया कि भाजपा पूर्व सीएम दिवंगत मनोहर पर्रिकर की विरासत को भूल गई है और उनके समर्थक कार्यकर्ताओं को हाशिये पर किया जा रहा है।
नॉर्थ गोवा में लोबो की मजबूत पकड़ है। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार जोसेफ राबर्ट सिकेरा को हराया था।
तटीय राज्य में 14 फरवरी को एक चरण में ही विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। वहीं, मतगणना और परिणामों की घोषणा 10 मार्च को की जाएगी। राज्य में अभी भाजपा की सरकार है जिसको मुख्य चुनौती कांग्रेस से है। खास बात यह है कि इस बार पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने भी यहां चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

























