गोवा में 2022 के शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है जिसको लेकर प्रदेश में राजनीतिक उथल पुथल का माहौल है। हर राजनीतिक दल में नेताओं का आना-जाना लगातार बना हुआ है सत्तारूढ़ भाजपा , विपक्षी दल कांग्रेस एवं स्थानीय क्षेत्रीय दलों के अलावा TMC और AAP ने प्रदेश की राजनैतिक तापमान को बढ़ा दिया है।
ऐसे में चुनाव से ऐन पहले सत्ताधारी पार्टी भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। वास्को से भाजपा विधायक कार्लोस अल्मेडा ने सत्तारूढ़ पार्टी छोड़ दी और राज्य चुनावों से पहले गोवा विधानसभा के सदस्य के रूप में इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने इसके पीछे पार्टी नेतृत्व के फैसले पर नाखुशी जताई है। विधायक कार्लोस अल्मेडा ने कहा कि वह राज्य विधानसभा के सदस्य पद से इस्तीफा दे रहे हैं क्योंकि उन्हें दाजी साल्कर के नेतृत्व में निर्वाचन क्षेत्र में काम करने के लिए कहा गया था, जिनके खिलाफ उन्होंने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।
कार्लोस अल्मेडा आज कांग्रेस में शामिल होंगे। अल्मेडा ने वास्को में अपने समर्थकों के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद कहा “मैंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है” अल्मेडा ने TOI से बात करते हुए BJP पर मनोहर पर्रिकर के वफादारों को व्यवस्थित रूप से खत्म करने का आरोप लगाया।
अल्मेडा भाजपा के दूसरे विधायक हैं, जिन्होंने पार्टी छोड़ दी। वैसे बीते कुछ सप्ताहों में सात विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफे दिया है।