
झारखंड में आज नई सरकार के मुखिया के तौर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। प्रदेश राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सोरेन के साथ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम व रामेश्वर उरांव और राष्ट्रीय जनता दल नेता सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। रामेश्वर उरांव रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सभी नेताओं ने शपथग्रहण परिक्रिया को पूरा किया।
इस समारोह में कई दिग्गज नेताओं ने भी शिरकत किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, माकपा नेता सीताराम येचुरी, भाकपा महासचिव डी. राजा, द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टिालिन, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के साथ कई अन्य गणमान्य लोग इस शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए।
गौरतलब है झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो कांग्रेस और राजद की महागठबंधन ने बहुमत हासिल किया था। इस दौरान 81 विधानसभा वाले झारखंड में झामुमो ने 30 कांग्रेस ने 16 और राष्ट्रीय जनता दल ने एक सीट हासिल की थी।