
विधानसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देकर झामुमो कांग्रेस और राजद गठबंधन ने प्रदेश में नई सरकार बनाने को लेकर जरूरी आंकड़ा हासिल कर लिया जिसके बाद आज महागठबंधन के नेता हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
नए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में दिन के 2:00 बजे होगा। हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में देशभर के राजनीतिक दिग्गजों के साथ-साथ कई राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा कई बड़े उद्योगपति भी शामिल होंगे।
इस शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार, बसपा अध्यक्ष मायावती, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और अहमद पटेल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम माझी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तारिक अनवर, भाकपा के महासचिव डी राजा, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी के आने की सहमति मिल चुकी है।
राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं शीर्ष नेताओं के अलावा कई बड़े उद्योगपति भी इस समारोह में शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में टाटा स्टील के एमडी टी वी नरेंद्रन, जेएसपीएल के सीएमडी नवीन जिंदल, डालमिया ग्रुप के एमडी पुनीत डालमिया, डालमिया ग्रुप के ईडी हरमीत सेठी, रूंगटा माइंस के एमडी सिद्धार्थ रूंगटा, इलेक्ट्रोस्टील के एमडी पंकज मलिहान और राहुल शर्मा,एस्सार के उपाध्यक्ष प्रदीप मित्तल, बिरला ग्रुप के अध्यक्ष प्रमोद उंडे और बृजेश झा सहित कई उद्योगपति एवं उद्योग जगत से जुड़े लोग उपस्थित होंगे।
शपथ ग्रहण समारोह के अतिथियों की सूची देखकर स्पष्ट है कि राज्य के नए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने शपथ ग्रहण समारोह में अपना शक्ति प्रदर्शन भी कर रहे हैं।