
कांग्रेस संसदीय दल की नेता और UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी एक दिवसीय दौरे के लिए आज रायबरेली का दौरा करेंगी। इस दौरान सोनिया गांधी के साथ उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहेंगी।
रायबरेली से 5वीं बार सांसद बने जाने के बाद वह पहली बार यहां पहुंचकर मतदाताओं का आभार जताएंगी।
रायबरेली एकमात्र ऐसी सीट है जिसे कांग्रेस ने 2019 के आम चुनावों में उत्तर प्रदेश में जीता है। सोनिया गांधी स्थानीय भुएमऊ गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी। कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों के अनुसार सोनिया गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी सुबह लगभग 9 बजे फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वह कार से करीब सुबह 9:30 बजे गेस्ट हाउस पहुंचेंगी।

अपनी यात्रा के दौरान, सोनिया गांधी चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन की समीक्षा करने और उत्तर प्रदेश में आगामी 2022 विधानसभा चुनावों के लिए आगे की रणनीति पर भी चर्चा करेंगी।
सोनिया और प्रियंका गांधी दोनों व्यक्तिगत रूप से कांग्रेस पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और रायबरेली के मतदाताओं से मिलेंगी और उनका आभार व्यक्त करेंगी जिन्होंने पार्टी को अपना गढ़ बनाए रखने में मदद की। इस दौरान पार्टी के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे।