
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए आज पहली बार झारखंड पहुंची प्रियंका गांधी ने पाकुड़ में कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
प्रियंका ने विश्वविद्यालय परिसरों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए झारखंड के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे ऐसी सरकार चुनें जो छात्रों की बात सुने।
गांधी ने असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के नाकाम होने का दावा करते हुए कहा कि सरकार अब संशोधित नागरिकता कानून लाई है, जिसे लेकर छात्रों में आक्रोश है।
कांग्रेस नेता ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “देशभर में छात्र सड़कों पर उतर आए हैं और पुलिस की लाठियां खा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं से अपील करती है कि वह ऐसी सरकार चुने जो छात्रों की बात सुने, किसानों का कर्ज माफ करे, महिलाओं को सुरक्षा मुहैया कराए और आपकी (आदिवासियों की) संस्कृति और परंपरा की रक्षा करे।
प्रियंका ने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार एक ‘भूमि बैंक’ बनाकर उसे अमीरों को दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासियों की संस्कृति और परंपरा की रक्षा करती है।
प्रियंका विधानसभा चुनाव के पांचवे और अंतिम चरण के प्रचार के अंतिम दिन झारखंड पहुंची थी। झारखंड में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और झामुमो-कांग्रेस-राजद महागठबंधन के बीच है जबकि कई जगहों पर आजसू इस मुकाबले को त्रिकोणीय बना रही है।
झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण के लिये 20 दिसंबर को मतदान होना है!