
करीब एक महीने की गहमागहमी वाले प्रचार-प्रसार और मतदान के बाद आज मतगणना के साथ ही दिल्ली चुनाव खत्म हुआ , इसके साथ एक बार फिर अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने पुनः सरकार बनाने के तरफ दिशा बढ़ाते हुए 67 सीट पर बढ़त बना ली है इन सबके बीच देश के विभिन्न क्षेत्रों से इस नतीजे पर प्रतिक्रिया आ रहे हैं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सत्ता में पुन: वापसी के संकेत के बीच कहा कि दिल्ली की जनता ने केवल विकास को चुना और भाजपा का असली चेहरा पूरे देश में पहचाना जा रहा है। दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुलने के सवाल पर कमलनाथ ने मंगलवार को मीडिया से कहा,” यह तो पहले से हम जानते थे। पर सबसे बड़ी बात है कि इतनी लम्बी-चौड़ी बातें करने वाली भाजपा का क्या परिणाम हुआ। मोदी जी तो दिल्ली के सबसे ज्यादा करीब हैं। अगर लोग संतुष्ट होते तो भाजपा को चुन लेते।” यह पूछे जाने पर कि दिल्ली की जनता ने शाहीन बाग जैसे मुद्दे को नकार दिया, मुख्यमंत्री ने कहा, ”उन्होंने (जनता) केवल विकास की बात की।
भारतीय जनता पार्टी का सही चेहरा पूरे देश में पहचाना जा रहा है।” एक सवाल के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोगों का ध्यान मोड़ने की राजनीति है। भाजपा नेता और मोदी जी बेरोजगारी के बारे में, कृषि क्षेत्र के बारे में बात नहीं करते, बल्कि राष्ट्रवाद, पाकिस्तान और सीएए पर बात करते हैं।

































































