अब लखनऊ में रह उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस को स्थापित करेंगी प्रियंका

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को फिर से स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही प्रियंका गांधी अब उत्तर प्रदेश में अधिक समय देकर वहां की राजनीतिक हालातो , ज्वलंत मुद्दों और कार्यकर्ताओं की मन की बात समझने के लिए उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ही अपना आशियाना बसाने वाली हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रियंका ने दिवंगत पूर्व केन्द्रीय मंत्री शीला कौल के एक करीबी रिश्तेदार के गोखले मार्ग पर स्थित मकान को अपनी रिहाइश के तौर पर पसंद किया है और वह जब भी लखनऊ आएंगी तो इसी घर में ठहरेंगी। यह घर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर है और अब यहां शीला कौल के परिवार का कोई सदस्य नहीं रहता।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार प्रियंका जब पिछली दो अक्टूबर को गांधी संदेश पदयात्रा में शामिल होने के लिये लखनऊ आयी थीं तो हवाई अड्डे से सीधे उसी मकान में गयी थीं और वहां करीब डेढ़ घंटा रुकने के बाद पदयात्रा के लिये शहीद स्मारक पहुंची थीं।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि प्रियंका को अपना ठिकाना मिल गया है और अब वह उत्तर प्रदेश को ज्यादा समय देंगी और यहां बार-बार आयेंगी। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक इससे पहले गोमतीनगर में भी प्रियंका के लिये ऐसे मकान की तलाश की जा रही थी, जो उनकी सुरक्षा के लिहाज से उपयुक्त हो।

प्रियंका को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) की सुरक्षा प्राप्त है। पिछले लोकसभा चुनाव से ऐन पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनायी गयी प्रियंका को यह जिम्मेदारी सौंपते हुए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि पार्टी की दीर्घकालिक योजना के तहत ऐसा किया गया है। राहुल ने कहा था कि प्रियंका को सिर्फ चार महीनों के लिये उत्तर प्रदेश नहीं भेजा गया है, बल्कि यह भविष्य की योजना है। हम भाजपा को न सिर्फ 2019 के लोकसभा चुनाव में बल्कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी हराने के लिये आये हैं।

अब देखना है कि प्रियंका गांधी लखनऊ में कब से रहना शुरू करती हैं और इससे पार्टी को कितना फायदा होता है और क्या पार्टी भाजपा के खिलाफ सपा और बसपा के जगह खुद को स्थापित कर पाती है और जनता के सामने 2022 में एक ऐसा विकल्प दे सकती है जो बीजेपी के ख़िलाफ़ लड़कर सरकार बनाने में कामयाब हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here