सचिन पायलट की हुंकार 2023 में राजस्थान में दोबारा आएगी कांग्रेस सरकार, पायलट ने कहा जो जिम्मेदारी मिलेगी उसे पूरा करूंगा

राजस्थान में कांग्रेस सरकार के 3 साल हो गए हैं और इसके साथ ही 2023 की चुनावी चर्चा शुरू हो गई है ऐसे में जहां बीजेपी उपचुनावों के हार को पीछे छोड़ते हुए प्रदेश में हर 5 साल में होने वाले सत्ता परिवर्तन के ट्रेंड को इस बार भी बनाए रखने का दावा कर रही है तो वहीं कांग्रेस इस परिपाटी को बदलने की तैयारी में जुट गई है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार के 3 साल पूरे होने पर जहां दावा किया कि सरकार ने राजस्थान के सपनो को पूरा किया तो वहीं उन्होंने कहा कि हम 2023 में सरकार को रिपीट करेंगे।

वहीं कुछ समय पहले तक पार्टी के राज्य इकाई और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार नाराज चल रहे पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट 2023 में सत्ता में दोबारा लौटने का हुंकार भर रहे हैं।

कैबिनेट फेरबदल में अपने मन के अनुसार करीबियों को जगह दिलवाने के बाद सचिन पायलट सूबे की चुनावी परिपाटी को बदलते हुए कांग्रेस की दोबारा वापसी के लिए जोर लगाने में जुट गए हैं। सूबे की सत्ता और संगठन में अपने समर्थकों को वाजिब जगह दिलाने से उत्साहित होकर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी कांग्रेस के मौजूदा चुनौतियों से उबरने को लेकर आशान्वित हैं।

एक मीडिया साक्षात्कार में पूछे गए सवाल पर पायलट ने कहा मेरा किसी व्यक्ति विशेष से न कोई विरोध रहा, न मतभेद। लेकिन आप जानते हैं कि राजस्थान में 30 साल से परंपरा है-एक बार भाजपा, एक बार कांग्रेस। इस परिपाटी को तोड़ने के लिए जरूरी है कि हम सरकार और संगठन में कुछ ऐसा करें, ताकि जनता हमें दूसरी बार आशीर्वाद दे सके। हमें याद रखना चाहिए कि कांग्रेस की सरकारें भी कई बार सत्ता में वापस लौटी हैं। दिल्ली में शीला दीक्षित और असम में तरुण गोगोई ने लगातार तीन चुनाव जीते। हरियाणा और आंध्र प्रदेश में भी हम लगातार दो बार सत्ता में लौटे। राजस्थान में पूरा भरोसा है कि 22 महीने बाद चुनाव होंगे तो नया इतिहास बनेगा।

पायलट ने कहा मेरे सुझावों पर पार्टी ने कमेटी बनाई और उस दिशा में उचित कदम उठाए हैं, जिसका सबने स्वागत किया है। इसलिए जो पिछले 30 सालों में नहीं हुआ, वह 2023 में होगा।

किसान कर्जमाफी को लेकर बीजेपी के आरोपों पर पायलट ने कहा किसानों पर जो कर्ज सहकारी बैंकों का था, वह माफ कर दिया गया है। जो केंद्रीय बैंकों का है, उसके लिए काफी पहले प्रस्ताव दिया जा चुका है। वे केंद्र के अधीन हैं, इसलिए अटका है। दूसरी ओर केंद्र अरबों रुपये का कॉरपोरेट कर्ज माफ कर रही है, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं करने दे रही।

बेरोजगारी पर सवाल पूछे जाने पर सचिन ने कहा जहां तक बेरोजगारी का प्रश्न है, निश्चित रूप से केंद्र की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था बिगड़ी है। इसका असर पूरे देश में पड़ा है। कोरोना से समस्या और बढ़ी है। केंद्र ने कहा कि कोरोना से उबरने को 20 लाख करोड़ का पैकेज दिया है, लेकिन वह कहां गया? उससे रोजगार सृजन क्यों नहीं हो रहा? राजस्थान में तीन सालों में सरकार ने एक लाख नौकरियां दी हैं। आने वाले दिनों में और निकलेंगी।

अपने राजनीतिक भविष्य और पदों को लेकर जबाब देते हुए उन्होंने कहा 21 सालों से जो जिम्मेदारी दी है, उसे निभा रहा हूं। कई पदों पर रह चुका हूं। आगे जो जिम्मेदारी मिलेगी उसे पूरा करूंगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here