
चुनावी चुनौती को स्वीकार करके कांग्रेस में महासचिव पद लेने तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार संभालने की हामी भरने वाली प्रियंका गांधी अपने चचेरे भाई वरुण गांधी को भी कांग्रेस में लाने की कोशिश कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि उनको कांग्रेस में आने का प्रस्ताव दिया गया है।
आये तो बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए भी कहा गया है। यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा और वरुण गांधी राजी हो गए तो उनको फरवरी के तीसरे सप्ताह के शुरूआत में कांग्रेस में शामिल किया जा सकता है।
वरुण को केवल कांग्रेस में शामिल ही नहीं किया जाएगा, उनको उ.प्र. कांग्रेस का अध्यक्ष भी बनाया जा सकता है। इस बारे में एआईसीसी सदस्य अनिल श्रीवास्तव का कहना है कि यदि वरुण गांधी कांग्रेस में आ गए तो उनको भाजपा में जो जिम्मेदारी मिली है उससे बड़ी जिम्मेदारी कांग्रेस में मिल सकती है। उनके अपने भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा बहन प्रियंका गांधी से संबंध ठीक हैं। इसके चलते पार्टी में उनको काम करने में भी सुविधा रहेगी।
प्रियंका गांधी की वरुण गांधी से बात होती रहती है। वह उनको कांग्रेस में आने के लिए कह रही हैं। अभी वह कुछ कह नहीं रहे हैं| लेकिन प्रियंका ने यदि बहुत जोर दिया तो वह कांग्रेस में आ सकते हैं। राहुल गांधी भी उनको मानते हैं। ऐसे में यदि वह कांग्रेस में आए तो उनको उ.प्र. पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसका संकेत उनको दे दिया गया है। इस पर उ.प्र. के वरिष्ठ पत्रकार नवेन्दु का कहना है कि सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र पहले से ही गांधी परिवार का खास रहा है।