
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर पहली चुनावी जनसभा को संबोधित करने हरियाणा के नूंह जिले में पहुंचे थे इस दौरान उन्होंने सीधे तौर पर मनोहरलाल खट्टर , नरेंद्र मोदी और आरएसएस को आड़े हाथों लिया और इन नेताओं के वादों को फर्जी करार देते हुए साफ बताया कि किस तरह कांग्रेस इन लोगों से अलग है।
गुरुग्राम से सटे नूंह में उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की खट्टर सरकार पर जमकर हमला बोला. राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आजकल मोदी जी और खट्टर जी के भाषण में केवल झूठे वादे सुनाई देते हैं. उन्होंने भ्रष्टाचार, किसान कल्याण और रोजगार को लेकर सरकार के पुराने वादों को भी फर्जी करार दिया.
भाजपा के साथ-साथ राहुल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी हमलावर नजर आए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सबकी पार्टी है और देश को जोड़ने का काम करती है. वहीं भाजपा और आरएसएस अंग्रेजों की तरह देश को तोड़ते हैं. उन्होंने कर्नाटक, मध्यप्रदेश और राजस्थान का उदाहरण देते हुए सभा में मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि वो मंच से जो कुछ भी बोल रहे हैं, उसका क्रियान्वयन भी होगा। राहुल ने दावा किया कि हम मंच से जो कहते हैं, उसे कर के भी दिखा देते हैं.
उन्होंने कहा कि एक तरफ देश के युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और दूसरी ओर पीएम मोदी एक के बाद एक झूठे वादे कर रहे हैं. पीएम मोदी के खास रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ पर राहुल ने कहा कि वो हर दसवें दिन मन की बात करते हैं, तो मैंने सोचा कि क्यों न ‘काम की बात’ कर ली जाए.
राहुल महाराष्ट्र की तरह ही हरियाणा में भी अपने तेवर में नजर आए और अपने भाषणों में खुलकर सरकार पर हमला बोला एवं कांग्रेस प्रत्याशियों को अधिक से अधिक वोट देकर विजय बनाने का अपील किया।

































































