
लोकसभा चुनाव का एक बड़ा कैंपेन और फिर उस में मिली हार के बाद हार की जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद राहुल गांधी संसदीय गतिविधि में शामिल होने के कुछ ही दिनों के बाद छुट्टी मनाने के लिए विदेश चले गए थे और अब वह विदेश से वापस लौट चुके हैं इस बार फिर एक नए अंदाज में विदेश से लौटे हैं। वैसे भी देखा गया है कि जब भी वह विदेश से लौटते हैं उनका अंदाज और तेवर बदला बदला दिखता है
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वायनाड के सांसद राहुल गांधी विदेश दौरे से वापस स्वदेश लौट आए हैं। वह पिछले कुछ दिनों विदेश छुट्टियां मनाने गए थे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी के वापस आते ही कांग्रेस में कई बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं।
राहुल गांधी के नई दिल्ली लौटने के साथ ही अब कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक जल्द होने की अटकलें लगाई जाने लगी हैं। साथ ही नए कांग्रेस अध्यक्ष के नाम पर भी अब एक सहमति बन सकती है। राहुल के इस्तीफे के बाद से अध्यक्ष पद खाली है।
राहुल गांधी की गैरमौजूदगी के कारण अब तक कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में ही लगेगी या फिर नया अध्यक्ष चुनने के लिए समिति गठित हो सकती है।
कर्नाटक में सरकार गिरने के बाद अब मध्य प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ऐसे में राहुल गांधी की मौजूदगी पार्टी के लिए जरूरी है। राहुल गांधी से चर्चा के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ आगे की रणनीति तय करेंगे।
साल के अंत में हरियाणा, झारखंड और महाराष्ट्र तीन राज्यों में चुनाव होने हैं। भाजपा ने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है, जबकि कांग्रेस की तरफ से अभी कोई पहल नहीं की गई है। राहुल गांधी अब नए सिरे से इन राज्यों में रणनीति बनाएंगे।
अब देखना है कि जिन लोगो के नामो को लेकर चर्चा अध्यक्ष पद के लिए चल रहा था उस मे से ही कोई बनता है या फिर किसी और को भी मौका मिलेगा।
































































