कांग्रेस नेताओं ने सत्याग्रह से मोदी सरकार के नीतियों पर बोला हमला

देश भर में नागरिकता संशोधन कानून और NRC के नाम पर मचे बबाल के बीच कांग्रेस ने दिल्ली स्थित बापू की समाधि स्थल पर सत्याग्रह किया और बीजेपी के खिलाफ जमकर हमले भी बोले।

‘देश की एकता के लिए सत्याग्रह’ कर रहे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने मोदी-शाह और बीजेपी के नीतियों पर जमकर हमला बोला।

इस दौरान सबसे तीखा और आक्रमक हमला पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया और कहा कि देश की जनता मोदी को भारत माता की आवाज नहीं दबाने देगी।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा राहुल गांधी समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं ने इस सत्याग्रह में भाग लिया। सत्याग्रह में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस देश की जनता मोदी को संविधान पर आक्रमण और भारत माता की आवाज को दबाने नहीं देगी।

राजघाट पर कांग्रेस की ओर से आयोजित सत्याग्रह में प्रियंका ने यूपी में CAA के विरुद्ध आंदोलन कर रहे आंदोलनकारियों के मौत का जिक्र करते हुए कहा, बिजनौर का 22 साल का अनस कॉफी की मशीन चलाकर परिवार चलाता था। हाल में उसकी शादी हुई थी। 21 वर्षीय सुलेमान यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। उसकी मां ने कल मुझसे कहा कि मेरा बेटा देश के लिए शहीद हुआ है। जो लोग इस आंदोलन में शहीद हुए हैं उन सबके नाम हम संकल्प लें कि हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे और इसकी रक्षा करेंगे।

लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने आरएसएस को निशाने पर लेते हुए कहा जब आजादी की लड़ाई लड़ी जा रही थी तब नागरिकता पूछने वाले गायब थे। उन्होंन कहा कि इस देश को आजाद कराने में में दलितों, गरीबों और हर धर्म के लोगों ने अपनी भूमिका निभाई थी और कुर्बानी भी दी थी। उस समय किसी ने उनसे नागरिकता नहीं पूछी थी लेकिन आज ऐसा क्या हो गया जो नागरिकता पूछी जा रही है। आज जो नागरिकता पूछ रहे हैं वो कुर्बानी के समय गायब थे। संविधान का निर्माण अंबेडकर जी, गांधी जी नेहरू जी ने बनाया है। कांग्रेस की आत्मा ने बनाया है, हम इस पर आंच नहीं आने देंगे।

सत्याग्रह में सबसे पहले बोलते हुए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। सोनिया गांधी के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। इन दोनों नेताओं ने अंग्रेजी में ही प्रस्तावना पढ़ी।

इसके बाद पार्टी के सभी नेताओं ने प्रस्तावना पढ़ संविधान की रक्षा के लिए समर्पित रहने का शपथ लिया। पार्टी लगातार CAA के मुद्दे पर भाजपा सरकार की आलोचना कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here