कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी पिछले कुछ दिनों से सर गंगा राम अस्पताल में अपना इलाज कराने को लेकर भर्ती है। पेट में संक्रमण और दर्द के कारण उन्हें रविवार को देर शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर उनका इलाज चल रहा है और साथ ही देश भर में उनके सेहत में सुधार होने को लेकर कांग्रेस के नेता प्रार्थना और दुआ कर रहे हैं।
सर गंगाराम अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार सोनिया गांधी की हालत में सुधार है और वह स्थिर हैं। अस्पताल के अधिकारियों ने मंगलवार को शाम में यह जानकारी दी।
सोनिया गांधी के चिकित्सा जांच में पाया गया कि उनके पेट में संक्रमण है। सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन (प्रबंधन मंडल) डॉक्टर डी एस राणा ने कहा, ”उनकी हालत में सुधार है और वह स्थिर हैं।”
सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद से लगातार कांग्रेस के नेता उनके सेहत में जल्द सुधार होने को लेकर प्रार्थना कर रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री बी जनार्दन पुजारी ने मंगलवार को कुडरोली के भगवान गो कर्ण नाथ मंदिर और उल्लाल की दरगाह पर जाकर पार्टी अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के स्वास्थ्य के लिये विशेष प्रार्थना की।
पुजारी ने कुडरोली मंदिर में पत्रकारों से कहा कि कि गांधी परिवार काफी लंबे समय से मंदिर में दर्शन के लिये आता रहा है।
सोनिया गांधी ने 2012 में मंदिर के शताब्दी कार्यक्रमों का शुभारंभ किया था। पुजारी ने कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना के साथ भगवान की पूजा अर्चना की।