बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एमपी के 6 चेहरे, टीम नितिन में मध्यप्रदेश का दबदबा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। लंबे समय से चल रही संगठनात्मक कवायद के बाद घोषित की गई इस टीम में मध्यप्रदेश के छह नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। एमपी के नेताओं को मिली जगह को प्रदेश के लिहाज से बड़ी राजनीतिक और संगठनात्मक उपलब्धि माना जा रहा है।

नई टीम में मध्यप्रदेश से लाल सिंह आर्य, विष्णु दत्त शर्मा, गजेंद्र सिंह पटेल, बंसीलाल गुर्जर, कविता पाटीदार और आशीष अग्रवाल को जगह मिली है। इनमें अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश दिखाई दे रही है।

किस नेता को मिली कौन सी जिम्मेदारी?

लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संगठन में लंबे अनुभव वाले आर्य की राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विष्णुदत्त शर्मा को सभी मोर्चों का संयोजक बनाया गया है। खजुराहो से लोकसभा सांसद शर्मा इससे पहले मध्यप्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। निमाड़ क्षेत्र से आने वाले पटेल लगातार दूसरी बार लोकसभा सांसद चुने गए हैं और आदिवासी क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पकड़ मानी जाती है।

बंसीलाल गुर्जर को बीजेपी किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। किसान राजनीति में सक्रिय गुर्जर को मिली यह जिम्मेदारी मध्यप्रदेश के ग्रामीण और किसान वोट बैंक के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।

कविता पाटीदार को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। राज्यसभा सांसद पाटीदार को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने से महिला नेतृत्व और मध्यप्रदेश के सामाजिक समीकरणों को भी प्रतिनिधित्व मिला है।

वहीं आशीष ऊषा अग्रवाल को मीडिया विभाग का सह-संयोजक बनाया गया है। संगठन और मीडिया के बीच समन्वय की जिम्मेदारी निभाने में उनकी भूमिका अहम होगी। अभी वे मप्र बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन पर फोकस

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। पार्टी के मुताबिक नई टीम में 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व मिला है। टीम में 10 महिलाओं और छह अल्पसंख्यक समुदायों के नेताओं को भी शामिल किया गया है। मध्यप्रदेश की बात करें तो नई टीम में मालवा-निमाड़, ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड जैसे अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व दिखाई देता है। सामाजिक समीकरण के लिहाज से भी पार्टी ने विभिन्न वर्गों को राष्ट्रीय संगठन में जगह दी है।

‘टीम नितिन’ में अनुभव और नए चेहरों का मेल

नितिन नबीन की नई टीम में कई पुराने और अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी गई है। राष्ट्रीय स्तर पर स्मृति ईरानी को महासचिव और वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वहीं राम माधव की भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर वापसी हुई है।ऐसे में मध्यप्रदेश से छह नेताओं को शामिल किया जाना प्रदेश बीजेपी के संगठनात्मक महत्व को भी दर्शाता है। खासतौर पर गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसी अहम जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश के लिए बड़ी बात है।

आने वाले चुनावों के लिहाज से अहम बदलाव

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का गठन ऐसे समय हुआ है जब पार्टी के सामने आने वाले विधानसभा चुनावों की बड़ी चुनौती है। नई टीम में संगठनात्मक अनुभव, युवा नेतृत्व, महिला प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर दिया गया है।

मध्यप्रदेश के छह नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश बीजेपी के नेताओं की भूमिका अब राज्य से आगे राष्ट्रीय स्तर तक बढ़ गई है। ऐसे में इन नियुक्तियों का असर आने वाले समय में पार्टी की संगठनात्मक रणनीति और चुनावी तैयारियों में भी देखने को मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here