
21 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में उपचुनाव के साथ-साथ हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होना है। इन चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने लगभग सभी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है। इन प्रत्याशियों को जिताने के लिए कांग्रेस ने अपने धुरंधर नेताओं को जिम्मेदारी देते हुए उन्हें स्टार प्रचारक बनाया है। स्टार प्रचारकों की सूची में ज्योतिरादित्य सिंधिया को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जहां महाराष्ट्र में उन्हें पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से ऊपर रखते हुए दर्जी दी गई है तो वहीं हरियाणा में भी उन्हें प्रचार करने का मौका दिया गया जबकि उन्हें उनके गृहराज्य में होने वाले उपचुनाव में भी प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है
कांग्रेस ने महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के साथ ही मध्यप्रदेश के झाबुआ में होने वाले उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में चौंकाने वाली बात ये है कि कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू का नाम लिस्ट में नहीं है, हालांकि बड़ी बात ये है कि कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम तीनों राज्यों के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में है। सिंधिया को ये जिम्मेदारी ऐसे समय में दी गई है, जब मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए उनका गुट अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।
स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सबसे खास बात ये है कि महाराष्ट्र के लिस्ट मे सिंधिया को मुख्यमंत्री कमलनाथ से ऊपर रखा गया है। वहीं हरियाणा के लिए जारी लिस्ट में कमलनाथ को सिंधिया से ऊपर रखा गया है। हालांकि सिंधिया महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। महाराष्ट्र के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सिंधिया 6वें और कमलनाथ 13वें नंबर पर है। वहीं हरियाणा की लिस्ट में कमलनाथ 9वें नंबर पर हैं, वही सिंधिया को 15 वें नंबर पर रखा गया है। बता दें कि सिंधिया मध्यप्रदेश के झाबुआ उपचुनाव, महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव में जान फूंकते नजर आएंगे।
प्रदेश में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि इन तीनों राज्यों में ज्योतिरादित्य के मेहनत और परिणाम के बाद यह संभव है कि पार्टी उन्हें मध्य प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त दे क्योंकि एक लंबे समय से सिंधिया के समर्थकों ने पार्टी के सामने यह मांग रखी है कि जल्द से जल्द मध्यप्रदेश का नया अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया को बनाया जाए


























































