
50 दिन से अधिक हो गया जब राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर नया अध्यक्ष बनाने को कहा था परंतु अब तक उनका कोई विकल्प नही मिल पाया है ऐसे प्रियंका गांधी को इस संकटपूर्ण समय में सबसे पुरानी पार्टी का प्रमुख बनाने की मांग उठ रही है।
प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग का समर्थन करते हुए पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बेटे और पूर्व सांसद अभिजीत मुखर्जी ने कहा कि उन्हें पार्टी की कमान संभालने की देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अभिजीत मुखर्जी ने कहा कि पार्टी अस्तित्व के संकट से जूझ रही है और प्रियंका गांधी को पार्टी की कमान अपने हाथ में लेनी चाहिए और इसकी किस्मत बदलनी चाहिए। वे पार्टी को जबर्दस्त जीत के मार्ग पर वापस ले जाएंगी, जैसा उनकी दादी एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल शास्त्री ने कहा कि इस वक्त पार्टी की अगुवाई करने के लिए प्रियंका गांधी बेहतरीन शख्सियत हैं और राहुल गांधी के पद छोड़ने पर अडिग रहने के मद्देनजर प्रियंका गांधी को कांग्रेस का नया प्रमुख चुना जाना चाहिए।
शास्त्री ने कहा कि अब राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने पर अड़े हैं, यह पार्टी के अस्तित्व का सवाल है। अगर पार्टी को बचे रहना है तो हमें जल्द से जल्द एक अध्यक्ष बनाना होगा। पार्टी का नेतृत्व करने के लिए प्रियंका गांधी से बेहतर शख्स कोई और नहीं हो सकता है और एआईसीसी को उन्हें चुनना चाहिए।
अन्य नेताओं के विचार से सहमति जताते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जयसवाल ने भी प्रियंका गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की जोरदार वकालत की।
सारे नेता भले ही प्रियंका गांधी के समर्थन में बोल रहे हो पर राहुल गांधी ने स्पष्ट तौर पर कहा था की पार्टी का अगला अध्यक्ष गांधी परिवार का नही होगा।