प्रियंका गांधी को दी गई जान से मारने की धमकी , FIR हुई दर्ज

सोशल मीडिया के प्रयोग से जहां विचारों के आदान-प्रदान में तेजी आई है और खबरों के संचार में भी फायदा मिला है तो इसके कई कुप्रभाव भी सामने आए हैं।

कुछ लोग सोशल मीडिया का प्रयोग गाली-गलौज करने , नफरत फैलाने , अफवाह फैलाने के लिए कर रहे हैं तो कुछ लोग देश के प्रसिद्ध लोगो को जान से मारने की धमकी देने में भी पीछे नही रह रहे हैं।

ऐसा ही एक मामला तब सामने आया जब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

प्रियंका गांधी को यह धमकी सोशल मीडिया पर एक ट्वीट करने के बाद दी गई थी। मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता ने बस्ती कोतवाली में शिकायत दर्ज करवाई है। आरती पांडेय नाम से बने ट्विटर अकाउंट से प्रियंका को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। यूपी कांग्रेस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर लिखा कि बस्ती की रहने वाली आरती पांडेय प्रधानमंत्री जी की फोटो लगाकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जी को गोली मारने की बात कर रही है।कृपया इस बात का संज्ञान लिया जाए। कांग्रेस ने इस ट्वीट को यूपी पुलिस और बस्ती पुलिस को भी टैग किया है।

प्रियंका को धमकी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। कांग्रेस नेता की शिकायत के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया और अब इस पूरे मामले की जांच करने के लिए एसपी की तरफ से साइबर सेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। एएसपी पंकज ने बताया कि आईपीसी की धारा 506 व 66 आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच इंस्पेक्टर देवनन्दन उपाध्याय को सौंपी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here