झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण की 17 सीटों पर चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। 9 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी भी झारखंड के चुनावी रण में उतरेंगे।
पीएम मोदी जहां हजारीबाग के बरही और बोकारो में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे, वहीं राहुल गांधी हजारीबाग के बड़कागांव और रांची के खिजरी में जनसभा कर कांग्रेस उम्मीदवार के लिए वोट मांगेंगे। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्मला देवी की पुत्री अंबा प्रसाद को कांग्रेस ने इस बार चुनाव में प्रत्याशी बनाया है। राहुल इसके बाद गोड्डा के महगामा में 12 दिसंबर को राहुल गांधी की जनसभा होगी। इससे पूर्व राहुल गांधी ने 3 दिसंबर को सिमडेगा में चुनावी सभा की थी।
राहुल गांधी के झारखंड दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं में उत्साह है। राहुल गांधी बड़कागांव व खिजरी में जनता को संबाेधित करेंगे। इस बार कांग्रेस, झामुमो व राजद के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बड़कागांव विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अंबा प्रसाद, भाजपा प्रत्याशी पूर्व विधायक लोकनाथ महतो और आजसू पार्टी से गिरिडीह सांसद सह झारखंड के पूर्व मंत्री रहे चंद्रप्रकाश चौधरी के भाई रोशनलाल चौधरी भी मैदान में हैं। यहां मुकाबला त्रिकोणीय है। 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां अंबा प्रसाद की मां निर्मला देवी ने कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीता था। उन्होंने आजसू के रोशनलाल चौधरी को 411 वोट से पराजित किया था। वहीं, 2009 में इस सीट से अंबा प्रसाद के पिता योगेंद्र साव ने कांग्रेस के टिकट से चुनाव जीता था।
खिजरी विस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश कच्छप व भाजपा के राम कुमार पाहन के बीच कांटे की टक्कर है। 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां भाजपा के राम कुमार पाहन ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुंदरी देवी को 64,912 मतों से पराजित किया था। वहीं, 2009 के विधानसभा चुनाव में यह सीट भाजपा के हाथ से निकल गई थी और यहां कांग्रेस प्रत्याशी सावना लकड़ा ने जीत दर्ज की थी।
झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण में 12 दिसंबर को बड़कागांव समेत 17 सीटों पर मतदान होंगे। इसमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, मांडू, हजारीबाग, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़, धनवार, गोमिया, बेरमो, ईचागढ़, सिल्ली, खिजरी, रांची, हटिया व कांके विधानसभा सीट शामिल है।
दूसरे चरण के मतदान के बाद कांग्रेस ने दावा किया है कि 20 में से 16 सीटों पर विपक्षी महागठबंधन की जीत होगी। पार्टी मुख्यालय में कांग्रेस प्रवक्ता आलोक दुबे और लाल किशोर नाथ शाहदेव ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर सिसई में ग्रामीणों पर गोलियां चलाई गईं। भाजपा बुलेट के बूते शासन में वापस लौटना चाहती है, लेकिन जनता उनके मंसूबों को नकार देगी।
उन्होंने कहा चुनाव में मतदाताओं ने विपक्षी महागठबंधन के पक्ष में मतदान किया है। जमशेदपुर जैसे शहरी इलाके में वोटिंग के लिए उम्मीद के मुताबिक मतदाता नहीं निकले, जो दर्शाता है कि मुख्यमंत्री से लोगों में काफी निराशा है। दूसरे चरण के मतदान से महागठबंधन काफी उत्साहित है। राज्य की जनता ने मन बना लिया कि भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकना है।