छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर राहुल गाँधी ने मोदी और रमन सिंह पर किया प्रहार

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की रमन सिंह सरकार पर जोरदार प्रहार किया है। राहुल ने अपने ट्वीट में कहा, “नरेंद्र मोदी की हुकूमत में तानाशाही एक पेशा बन गया है। बिलासपुर में रमन सिंह की सरकार द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मौलिक अधिकारों पर बुज़दिली से किए गए इस प्रहार को वहां की जनता सियासी ज़ुल्म के रूप में याद रखेगी।” इसके बाद अब छत्तीसगढ़ कांग्रेस पूरे प्रदेश में इसके खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी कर रही है।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जिस तरह से पुलिस ने लाठीचार्ज किया उसमें कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी मिली है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर ये लाठीचार्ज करना उनके मौलिक अधिकारों पर हमला है। राहुल गांधी ने बिलासपुर में हुए लाठीचार्ज का वीडियो भी ट्वीट किया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने भी पूरे मामले पर एक के बाद एक कई ट्वीट करके प्रदेश की रमन सिंह सरकार पर निशाना साधा। इतना ही नहीं उन्होंने प्रदेश सरकार की इस दमन नीति की निंदा करते हुए घटना की न्यायिक जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने ट्विटर और फेसबुक से प्रोफाइल डीपी हटाकर ब्लैक कलर की फोटो लगा ली जिसके बाद कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओ ने अपना डीपी ब्लैक कर दिया।

दरअसल छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के गलत बयानबाजी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को उनके बिलासपुर स्थित घर पर प्रदर्शन करने गए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कुछ कार्यकर्ता बंगले में कूड़ा फेंकने के लिए अड़ गए। इसी को लेकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव को गंभीर चोट भी आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पीटने के लिए कांग्रेस भवन के अंदर तक घुस गई और वहां भी कार्यकर्ताओं की पिटाई की गई।

इस तरह से कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं की पिटाई को लेकर रमन सिंह की चौतरफा आलोचना हो रही है क्योंकि लोकतंत्र में अगर विरोधियों का दमन किया जायेगा तो फिर लोकतंत्र तानाशाही में बदल जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here