
उत्तर प्रदेश की मंत्री स्वाति सिंह का एक ऑडियो वायरल होने से प्रदेश की राजनीति में भूचाल सा आ गया है। जिस तरह से वायरल ऑडियो में स्वाति सिंह घोटालेबाज को बचाने के लिए सरकारी पदाधिकारी पर गुस्सा व्यक्त करते हुए उसे धमका रही है उससे भारतीय जनता पार्टी का भ्रष्ट चेहरा उजागर होता है। जिसको लेकर प्रदेश की सभी विपक्षी दल योगी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साध रहे हैं।
इसी सिलसिले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
प्रियंका ने एक ट्वीट में कहा ”यूपी में भाजपा सरकार की मंत्री बोलती हैं कि ऊपर से आदेश है, घोटालेबाज पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। ये ऊपर कौन है जो चाहता है कि घोटालेबाजों पर कार्रवाई ना हो।” उन्होंने यह भी कहा ”डीएचएफएल-पीएफ घोटाला, सिडको-पीएफ, होमगार्डस वेतन घोटाला और एलडीए घोटाला। इन सारे घोटालों में बड़ी मछलियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है।”
मालूम हो कि प्रदेश की महिला कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वाती सिंह का एक कथित आडियो क्लिप वायरल हुआ है, जिसमें वह कैंट की पुलिस क्षेत्राधिकारी बीनू सिंह पर भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद एक बिल्डर के खिलाफ दर्ज मुकदमा खारिज करने का दबाव बना रही हैं।
बातचीत में यह भी सुनायी दे रहा है कि स्वाती ने पुलिस अफसर से कहा है कि यह मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संज्ञान में है।
मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री ने शनिवार को स्वाती को अपने आवास पर तलब किया था। उन्होंने पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह से भी रिपोर्ट मांगी है।
जिस तरह से भ्रष्ट बिल्डर को बचाने के लिए सरकार के मंत्री काम कर रही हैं और स्पष्ट रूप से वह कह रही है कि इसका संज्ञान मुख्यमंत्री को भी है उससे ना सिर्फ उस मंत्री का बल्कि मुख्यमंत्री सहित पूरे सरकार का भ्रष्ट चेहरा सामने आया है। अब भारतीय जनता पार्टी इसको लेकर जो भी कहे मगर जनता बीजेपी के भ्रष्ट चेहरा को अच्छी तरह से समझ रही है।























































