
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यात्रियों से भरी एक बस सोमवार की सुबह लगभग 4 बजे यमुना एक्सप्रेसवे से फिसलकर नीचे नाले में गिर गई, जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।
इस घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगरा में दुख जताया है।
राहुल ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि इस दुखद समाचार से आहत हूं। मृतकों के परिवार के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
वहीं, प्रियंका ने ट्वीट करके कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण बस दुर्घटना की खबर स्तब्ध करने वाली है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा के बारे में सोचकर मन विचलित है। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे। दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही अवध डिपो की जनरथ बस में करीब 50 लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 29 लोगो की मौत हो गई।
राज्य सरकार ने इस घटना के बाद यातायात आयुक्त, मंडलीय आयुक्त और आईजी की एक समिति को 24 घंटे के भीतर इसकी जांच करने का आदेश दिया है। यह समिति दुर्घटना के कारणों के बारे में रिपोर्ट देगी और इस तरह की घटना से भविष्य में बचने के लिए भी उठाए जाने वाले कदमों की सिफारिश करेगी।