गोवा में बीजेपी को लग सकता है बड़ा झटका, पार्टी से नाराज चल रहे पूर्व CM मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा तेज

गोवा में 2022 में विधानसभा चुनाव होना है जिसको लेकर सभी पार्टियों के राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। प्रदेश में सत्ता हासिल करने के लिए सभी पार्टियां एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। ऐसे में प्रदेश की सत्तारूढ़ दल बीजेपी को बड़ा झटका लग सकता है गौरतलब है कि बीजेपी के दिग्गज नेता और प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे भाजपा को बड़ा झटका दे सकते हैं।

प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर जल्द ही कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं।

दरअसल उत्पल इस बात से नाराज हैं कि उनके पिता मनोहर परिकर के परंपरागत विधानसभा सीट पणजी से उन्हें उम्मीदवार ना बनाकर पार्टी पहले उन्हें उपचुनाव में धोखा दे चुकी है और अब विधानसभा चुनाव में भी उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।

सोशल मीडिया मंचों पर यह कहा जा रहा है कि पर्रिकर के पुत्र उत्पल पर्रिकर भाजपा की कट्टर विरोधी कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से मिलने जा रहे हैं। समझा जाता है कि पर्रिकर के पुत्र कांग्रेस में अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं।

भाजपा के कमल से उतरकर उत्पल पर्रिकर कांग्रेस का हाथ अचानक ही नहीं थामने जा रहे हैं। उन्होंने जुलाई 2019 में ही भाजपा से अपने मतभेद सार्वजनिक कर दिए थे। 11 जुलाई को उत्पल ने गोवा के नाटकीय राजनीतिक घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए कहा था, ‘मनोहर पर्रिकर ने अपनी राजनीति में जो विश्वास का मार्ग स्थापित किया था, वह 17 मार्च को समाप्त हो गया।’

कुछ समय पहले उत्पल पर्रिकर ने पणजी विधानसभा सीट से टिकट के अपने दावे को एक बार फिर दोहराया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पणजी से टिकट नहीं दी गई तो उन्हें पार्टी के खिलाफ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं।

उत्पल पर्रिकर ने पणजी में संवाददाताओं से कहा था, ‘मैंने पार्टी को सूचित कर दिया है कि मैं पणजी से चुनाव लड़ना चाहता हूं और मुझे विश्वास है कि मेरी पार्टी मुझे टिकट देगी।’

यह पूछे जाने पर कि क्या टिकट नहीं मिलने पर वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे, उत्पल ने कहा, ‘मैं अभी इस बारे में बात नहीं करना चाहता। मनोहर पर्रिकर को जीवन में कुछ भी आसानी से नहीं मिला और मुझे भी कड़ी मेहनत करनी होगी। मुझे कुछ कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। मैंने देवी से उस दिशा में शक्ति मांगी है।’

गौरतलब है कि उत्पल को 2019 में अपने पिता के निधन के बाद पणजी विधानसभा उपचुनाव टिकट पाने के लिए इत्तला दे दी गई थी, लेकिन उन्हें पर्रिकर के सहयोगी सिद्धार्थ कुनकालिनकर के पक्ष में दरकिनार कर दिया गया था। भाजपा के टिकट पर पणजी उपचुनाव लड़ने वाले कुनकालिनकर कांग्रेस के अतानासियो मोनसेरेट से चुनाव हार गए थे। बाद में मोनसेरेट भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here