बीजेपी सरकार पर हमेशा किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगता रहता है ऐसे में अपने ट्विटर से लगातार बीजेपी सरकार पर हमलावर रहने वाली कांग्रेस की महासचिव और उत्तरप्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर किसान विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है।
प्रिंयका गांधी ने एक वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो ट्वीट करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘मिर्जापुर के किसानों ने मेहनत से अपनी फसल लगाई थी और भाजपा सरकार की पुलिस ने खड़ी फसल रौंद दी।
कल मुख्यमंत्री और प्रधानमन्त्री ने किसानों के लिए खूब झूठे ऐलान किए और 24 घंटे भी नहीं बीते कि महिला किसानों के साथ सरकार का व्यवहार देखिए। किसान विरोध भरा है भाजपा के अंदर।’
पुलिस की कार्रवाई को लेकर अदलहाट थानाक्षेत्र के सैकड़ों किसान कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए। इस दौरान किसानों ने प्रदर्शन किया और अधिकारियों से कहा कि कंपनी को काम करने से रोका जाए। किसानों ने कहा कि गेंहू की फसल अब अगले 20 दिनों में कट जाएगी। किसानों ने आरोप लगाया कि छह किलोमीटर दूरी में 200 बीघे जमीन पर बोई गई गेंहू की फसल बर्बाद की जा रही है। किसानों के विरोध करने पर पुलिस लाठियां भी किसानों पर ही बरसा रही है।
गौरतलब है कि अदलहाट थाना क्षेत्र के कुण्डाडीह करहट में रेलवे द्वारा किसानों की अधिग्रहित जमीन पर ट्रैक निर्माण का कार्य शुरू होना है। जमीन के अधिग्रहण को लेकर जैसे ही रविवार को मशीनें वहां पहुंची किसान उत्तेजित हो गए। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया। किसान यहां पर जमीन के बदले मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर चार वर्ष से आंदोलन कर रहे हैं।