अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सेहत में सुधार हो रहा है। एम्स के एक अधिकारी ने बताया कि सिंह की स्वास्थ्य स्थिति में ‘बुखार के कारण हुए संक्रमण से अब सुधार’ हो रहा है। अधिकारी ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की हालत में अब सुधार हो रहा है। वह कमजोरी को दूर करने के लिए आईवी पर हैं।” उन्होंने कहा कि सिंह वेंटिलेटर सपोर्ट पर नहीं हैं और उनकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। सिंह को बुधवार शाम बुखार और कमजोरी की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था।
वहीं कांग्रेस ने मनमोहन सिंह के बारे में सोशल मीडिया में कुछ लोगों द्वारा किए गए पोस्ट को अफवाह और अनुचित करार देते हुए कहा कि सभी लोगों को देश के पूर्व प्रधानमंत्री की निजता का सम्मान करना चाहिए। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और मीडिया विभाग के सह-प्रभारी प्रणव झा ने यह भी बताया कि मनमोहन सिंह की सेहत पहले से बेहतर है।
उन्होंने ट्वीट किया, ”डॉक्टर मनमोहन सिंह की सेहत में सुधार हो रहा है। वह कल के मुकाबले बेहतर हैं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। कुछ आधारहीन बातें की जा रही हैं जो अनावश्यक हैं और उचित नहीं हैं। सभी से आग्रह है कि पूर्व प्रधानमंत्री का निजता का सम्मान करें। धन्यवाद।”
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अभी डॉक्टर नीतीश नाइक के नेतृत्व में ह्रदय रोग विशेषज्ञों की टीम की देख-रेख में हैं। सिंह को सोमवार को बुखार आ गया था और वह उससे उबर भी गए थे लेकिन उन्हें कमजोरी महसूस होने लगी थी और वह केवल तरल चीजों का सेवन कर पा रहे थे।
सिंह ने इस साल अप्रैल में कोरोना पॉजिटिव हो गए थे और उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
































































