पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह बुखार और कमजोरी ओ शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया उनसे मिलने एम्स गए थे। जिसको लेकर मनमोहन सिंह की बेटी दमन ने नाराजगी जताई है।
दमन सिंह का कहना है कि मंडाविया उनकी मां के बिना परमिशन के उनके पिता के वार्ड में फोटोग्राफर लेकर गए थे।
द प्रिंट से बातचीत में मनमोहन सिंह की बेटी ने कहा मेरी मां ने कई बार फोटोग्राफर को वार्ड से बाहर भेजने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई वह बहुत परेशान थी। मेरे माता-पिता एक कठिन परिस्थिति का सामना करने की कोशिश कर रहे हैं। वे बुजुर्ग लोग हैं चिड़ियाघर के जानवर नहींं है।
फोटोग्राफर के साथ मनमोहन सिंह से मुलाकात करने पर कांग्रेस ने भी नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस ने कहा- तस्वीर साझा करके देश के पूर्व प्रधानमंत्री की निजता का हनन किया गया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ”भाजपाइयों के लिए हर चीज़ ‘फ़ोटो ऑप’ है। शर्म आनी चाहिए देश के स्वास्थ्य मंत्री को, जिन्होंने एम्स में भर्ती पिता तुल्य पूर्व प्रधानमंत्री से मुलाक़ात को पी.आर स्टंट बनाया। यह हर नैतिक मूल्य का उलंघन है, पूर्व प्रधानमंत्री की निजता का हनन है, स्थापित परम्पराओं का अपमान है। माफ़ी मांगें।”
बता दें कि मनमोहन सिंह को बुधवार शाम बुखार और कमजोरी की शिकायत के बाद एम्स कार्डियो सेंटर में भर्ती कराया गया था. इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री मनसुख उनसे मिलने गए. कुछ समय मनमोहन सिंह के साथ रहे और उनके स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली.
एम्स ने शुक्रवार को बताया था कि पूर्व प्रधानमंत्री की सेहत में सुधार हो रहा है. एम्स के एक अधिकारी ने बताया कि सिंह की स्वास्थ्य स्थिति में ‘बुखार के कारण हुए संक्रमण से अब सुधार’ हो रहा है.
































































