कांग्रेस में बड़ा फेरबदल कर्नाटक की कमान DK शिवकुमार को और दिल्ली की कमान अनिल चौधरी को मिली

मध्यप्रदेश में मची सियासी घमासान के बीच कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिल्ली और कर्नाटक के प्रदेश कमेटी में बड़ा फेरबदल किया है। पिछले कुछ समय से दोनों प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी खाली चल रही थी जिसके कारण सोनिया गांधी ने इन दोनों राज्यों के लिए नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की है।

डीके शिवकुमार को कर्नाटक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है तो वही अनिल चौधरी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए हैं।

डीके शिवकुमार विधायक हैं और पूर्व में कर्नाटक सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वहीं अनिल चौधरी दिल्ली से पूर्व विधायक हैं। कर्नाटक में ईश्वर खंडरे, सतीश जरकिहोली और सलीम अहमद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

कर्नाटक में बीते साल दिसंबर में कांग्रेस की हार के बाद इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए दिनेश गुंडू राव ने पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसमें कांग्रेस केवल दो सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। करीब तीन महीने से कई नाम कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चल रहे थे। नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सिद्धारमैया और दूसरे नेताओं की दिल्ली में सीनियर नेताओं से हाल ही में मुलाकात भी हुई थी। जिसके बाद शिवकुमार का नाम तय किया गया। शिवकुमार को कर्नाटक में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माना जाता है। जेडीएस के साथ कांग्रेस की सरकार के समय वही संकटमोचक के तौर पर सबसे आगे दिखे थे।

दिल्ली में फरवरी में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कोई सीट नहीं जीत सकी थी। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के शून्य पर सिमटने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था। आलाकमान ने उनके इस्तीफे को स्वीकार भी कर लिया था। इसके बाद से इस पद के लिए नेता की तलाश कांग्रेस आलाकमान को थी। पूर्व विधायक अनिल चौधरी को अब दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ चार नया प्रदेश उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here