कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को विदेशी दौरे से भारत लौट आए हैं।
सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी पिछले दिन विदेश से वापस इंडिया लौट आए हैं। उन्होंने पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और गोवा के चुनाव प्रभारी पी चिदंबरम के साथ मीटिंग की और गोवा में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।
बता दें कि राहुल गांधी दिसंबर में विदेश गए थे। चुनाव से पहले उनकी इस विदेश यात्रा को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। भाजपा ने राहुल के विदेशी दौरे पर सवाल उठाए थे।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोमवार सुबह ट्वीट कर कहा है कि देश में साजिश के तहत नफरत फैलाने का काम हो रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इस नफरत को हराने का सही मौका है।
कांग्रेस लगातार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नफरत फैलाने का आरोप लगाकर उस पर हमला कर रही है। हाल में कांग्रेस ने टेक फॉग एप को लेकर भी सरकार पर जोरदार हमला किया और कहा कि इस एप के माध्यम से देश में नफरत फैलाने का काम किया जा रहा है।
पार्टी ने भी अपने आधिकारिक हैंडल पर ट्वीट कर कहा ”भाजपाई एजेंडा देश के सौहार्द में नफरत का जहर घोल रहा है, भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए देश को नफरत और हिंसा में झोंक रही है। भाजपा को देशवासियों के सवालों के जवाब देने होंगे। भाजपाई सोशल मीडिया टेक फॉग पर निर्भर है और इस खतरनाक एप के जरिए भाजपा समाज में नफरत का जहर घोल रही है। टेक फॉग एप नहीं बल्कि भाजपा की प्रोपेगेंडा मशीनरी का हथियार है, जो देश के लिए हानिकारक है।”





























































