पंजाब कांग्रेस का दिल्ली में चुनाव कैंपेन को लेकर मंथन खत्म हो गया है। इसमें तय हुआ कि पंजाब में चुनाव प्रचार का आगाज राहुल गांधी करेंगे।
दिसंबर के आखिरी हफ्ते में यानी 25 से 30 दिसंबर के बीच राहुल गांधी एक बड़ी रैली में शामिल होंगे। चुनाव के लिए कोड ऑफ कंडक्ट लगते ही स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
दिल्ली में यह मीटिंग पंजाब चुनाव के लिए कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़ की अगुवाई में हुई। जाखड़ ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं से अच्छी चर्चा हुई है। जिसमें यह तय किया गया कि अगले चुनाव में लोगों के बीच किस तरह से कांग्रेस पार्टी को लेकर जाना है। मंत्री परगट सिंह ने भी मीटिंग को पॉजिटिव करार दिया।
माना जा रहा है कि कांग्रेस यहां सामुहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, प्रदेश अध्यक्ष सिद्धू के अलावा सुनील जाखड़, अंबिका सोनी और प्रताप सिंह बाजवा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
कांग्रेस सिद्धू की लोकप्रियता एवं चन्नी के दलित कार्ड के अलावा अन्य नेताओं के क्षेत्रीय संतुलन एवं जाखड़ के द्वारा हिन्दू वोट के सहारे फिर एक बार सत्ता में वापसी का पूरा रूपरेखा तैयार कर रही है।
इन नेताओं को एक मंच पर लाने और कार्यकर्ताओं के मनोबल बढ़ाने के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा भूपेश बघेल, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुडा, इमरान प्रतापगढ़ी जैसे नेता भी पंजाब पहुंचेंगे।
माना जा रहा है कांग्रेस कैप्टन के कार्यों के जगह सिर्फ चन्नी के कार्य एवं भविष्य के रोडमैप के नाम पर वोट की अपील करेगी और साथ ही केजरीवाल के दिल्ली मॉडल को बेनकाब करने के साथ-साथ मजीठिया के जरिये अकाली दल को घेरने का काम करेगी।



























































