कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के खिलाफ मानहानि मामले में आरएसएस नेता राजेश कुंटे ने राहुल गांधी को 15 सो रुपए का जुर्माना भेज दिया है. संघ कार्यकर्ता की तरफ से राहुल गांधी के ऑफिस को 1500 रुपए का मनी ऑर्डर मिल गया है.
इस बात की जानकारी संघ कार्यकर्ता के वकील ने दी है. दरअसल भिवंडी कोर्ट ने संघ कार्यकर्ता को आदेश दिया था कि वह राहुल गांधी को जुर्माने के तौर पर यह राशि दें. राहुल के खिलाफ दायर मानहानि केस में 21 अप्रैल को हुई सुनवाई के दौरान राजेश कुंटे ने कोर्ट में स्थगन याचिका दायर की थी.
स्थगन याचिका को कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया था. महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी की न्यायिक मजिस्ट्रेट जेवी पालीवाल ने संघ के स्थानीय कार्यकर्ता राजेश कुंटे को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 1500 का भुगतान करने का आदेश दिया था.
मार्च में मामले पर सुनवाई के दौरान राजेश कुंटे ने कोर्ट से अनुरोध किया था कि वह एक और गवाह पेश करना चाहते हैं, लेकिन कोर्ट ने उनकी मांग को खारिज करते हुए सुनवाई स्थगित कर दी थी. उस वक्त कोर्ट ने उन्हें आदेश दिया था कि वह राहुल गांधी को जुर्माने के तौर पर 500 दे.
संघ के कार्यकर्ता ने उस वक्त जुर्माना नहीं चुकाया था. मानहानि के इस मामले की सुनवाई दिन प्रतिदिन के आधार पर होनी थी, मगर कोर्ट मार्च और अप्रैल में दो बार स्थगित हुई. जिसके बाद जुर्माने की राशि 1500 रुपए हो गई.



























































